धरमजयगढ़। जिले के वन मंडल धरमजयगढ़ में रविवार की सुबह खेत मे नर हाथी का शव मिलने से मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। प्रथम दृष्टया करंट से नर हाथी की मौत होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच कर मामले की जांच में जुट गई है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार धरमजयगढ़ वन परिक्षेत्र में पिछले लंबे अर्से से जंगली हाथियों का आतंक जारी है। इस क्षेत्र में आये दिन जंगली हाथियों के उत्पाद की खबरे सामने आते रही है। इस वन परिक्षेत्र में हाथी और मानव के बीच द्वंद भी थमने का नाम नही ले रहा, जिसके फल स्वरूप कभी इंसान तो कभी जंगली हाथी की मौत की घटनाएं सुर्खियां बनते रही है। इसी क्रम में बीती रात भोजन की तालाश में एक नर हाथी मेडऱमार कालोनी तक आ पहुंचा जहां एक खेत मे उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना की जानकारी गांव के ग्रामीणों को रविवार की सुबह लगी तब उन्होंने इस घटना की जानकारी वन विभाग के अधिकारियों को दी। प्रथम दृष्टया करंट से नर हाथी की मौत होने की आशंका जताई जा रही है
गांव के ग्रामीणों ने बताया कि पिछले लंबे समय से जंगली हाथियों का एक दल कालोनी के आसपास विचरण कर रहा है और 2ध्4दिनों से कुछ हाथी कालोनी के आसपास पहुंच कर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। वहीं वन विभाग के अधिकारी ने बताया कि धरमजयगढ़ वन परिक्षेत्र में एक नर हाथी की मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हाथी के मौत के कारणों का पता चल सकेगा। बहरहाल विभाग इस मामले में आसपास के लोगो से पूछताछ के अलावा आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
धरमजयगढ़ में ही 79 जंगली हाथियों का दल
धरमजयगढ़ वन परिक्षेत्र के धरमजयगढ़ एवं छाल रेंज में इन दिनों 79 जंगली हाथियों का दल अलग-अलग गांवों में अलग-अलग समूहों में विचरण कर रहा हैं जिसमें पंडरीपानी में 10, बनहर में 32, कापू के अलोला में 11, लैलूंगा में 5 के अलावा अलग-अलग गांवों में जंगली हाथी विचरण कर रहे हैं। जिनमें 24 मादा, 24 नर के अलावा 13 शावक हैं।
30 से अधिक किसानों की फसलों को पहुंचाया नुकसान
रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन परिक्षेत्र के जंगलों में विचरण करने वाले जंगली हाथियों के दल ने धरमजयगढ़ एवं छाल रेंज के 30 से अधिक किसानों की धान, मूंगफली की फसलों के अलावा पाईप लाईन को क्षति पहुंचाया है। वन विभाग की टीम जंगली हाथियों के द्वारा मचाये गए इस उत्पात में मौके पर पहुंचकर क्षति का आंकलन किया जा रहा है। साथ ही साथ गांव-गांव मे मुनादी कराकर लोगों से जंगली हाथी से दूरी बनाये रखने की अपील की जा रही है।
दंतैल हाथी ने 2 महिलाओं को कुचल कर मारा
एक ही परिवार के 4 लोगों पर किया हमला
कोरबा। कोरबा जिले में दंतैल हाथी ने रविवार को एक ही परिवार के 4 लोगों पर हमला कर दिया। जिसमें 2 महिलाओं की मौत हो गई। साथ ही एक पुरुष की हालत गंभीर है। वहीं एक युवक ने भागकर अपनी जान बचाई है। कटघोरा वनमंडल में सभी लकड़ी और फुटू लेने गए थे। उक्त घटना केंदई रेंज के चोटिया डंप एरिया का है। जहां कोरबी गांव के रहने वाले नरसिंह, उनकी पत्नी राजकुमारी, बहन पुन्नी बाई और भांजा दीपक सिंह गए हुए थे। इसी दौरान हाथी वहां पहुंच गया। भागने की कोशिश से पहले ही हाथी ने 2 महिलाओं को कुचल दिया। जिसमें राजकुमारी और पुन्नी बाई की मौत हो गई। हमले में नरसिंह भी बुरी तरह घायल हो गया है। जिसे कोरबा रेफर किया जा रहा है। वहीं दीपक किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रहा। सूचना पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम और हाथी मित्र दल ने हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा। जिसके बाद डायल 112 की मदद से पोंडी उपरोडा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।