रायगढ़। ऑपरेशन अंकुश के तहत कल रात थाना साइबर और थाना जूटमिल की संयुक्त टीम ने जूटमिल क्षेत्र के मौदहापारा में दबिश देकर जुआ फड़ का भंडाफोड़ किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि स्ट्रीट लाइट के नीचे कुछ व्यक्ति रुपये-पैसों का दांव लगाकर ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।
पुलिस टीम को देखकर कुछ जुआरी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए, जबकि 08 आरोपियों को मौके पर पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों में अलेख कुमार पटेल, भरत माखीजा, मोहम्मद फिरोज उर्फ छोटू, हमीद अली, कर्नल सिंह, जय सिंह, मोहम्मद अजीज और मोहम्मद गुलफाम शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से कुल 24,200 नगद तथा 52 पत्ती ताश जब्त किया गया है।
जांच में सामने आया कि पकड़े गए आरोपियों में मोहम्मद फिरोज उर्फ छोटू और जय सिंह थाना जूटमिल क्षेत्र के सूचीबद्ध गुण्डा-बदमाश हैं। थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव कांत सिंह द्वारा सभी आरोपियों को जुआ-सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी गई। आरोपियों के विरुद्ध थाना जूटमिल में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर धारा 170ध्126, 135(3) के तहत गिरफ्तार कर एसडीएम न्यायालय प्रस्तुत किया गया, जिन्हें चार आरोपियों का जेल वारंट पर जेल भेजा गया है।
8 जुआरियों से 24 हजार नकद बरामद, पकड़े गए जुआरियों में दो गुंडा बदमाश



