रायगढ़. विगत दिनों बैंक से पैसा निकालकर बाइक से घर लौट रहे ग्रामीण को सामने आ रहे बाइक चालक ने ठोकर मारकर भाग गया। जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस ने मामले को विवेचना में लिया है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम खम्हार निवासी कृष्णालाल यादव पिता बृजलाल यादव (43 वर्ष) विगत 15 अप्रैल को अपनी बाइक लेकर जोबी बैंक गया था, जहां से पैसा निकालकर वापस लौट रहा था। इस दौरान जोबी स्कूल के पास पहुंचा था तभी सामने से एक अज्ञात युवक बाइक को तेज गति से चलाते हुए आया और उसकी बाइक को सामने से ठोकर मारकर भाग गया। इससे कृष्णालाल बाइक समेत सडक़ में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उक्त हादसे को देख आसपास के लोगों ने उसे जोबी अस्पताल में भर्ती कराते हुए, इसकी सूचना उसके परिजनों को दिया, इससे परिजन वहां से रेफर कराकर खरसिया के पद्मावती अस्पताल में भर्ती कराया, जहां एक दिन उपचार के बाद डाक्टरों ने 16 अप्रैल को रेफर कर दिया, इससे जिंदल फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कर उपचार करा रहे थे। यहां करीब 14 दिनों तक उपचार के बाद भी उसकी तबीयत में कुछ खास सुधार नहीं होने पर डाक्टरों ने रेफर कर दिया, इससे एक मई को दोपहर करीब एक बजे उसे मेडिकल कालेज अस्पताल लेकर आए, जहां डाक्टरों ने प्राथमिक जांच में ही उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से भेजी गई तहरीर पर चक्रधरनगर पुलिस ने मर्ग कायम कर पीएम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया है।
दो बाइक में भिडंत, घायल ग्रामीण ने दम तोड़ा



