रायगढ़। एक युवक की तबीयत खराब होने होने पर मेडिकल से दवा लेकर सेवन किया तो कुछ देर बाद ही उसे चक्कर आया और गिर कर बेहोश गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल जाते तक मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की टीम जांच में जुटी है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के किरितमाल निवासी मुकेश यादव को तबीयत खराब होने पर शुक्रवार को सुबह अपनी बाइक लेकर घर से करीब 10 किमी दूर चपले के आशीष मेडिकल गया था। जहां उपचार के बाद उसकी तबीयत बिगडने पर चपले के शासकीय अस्पताल भेजा गया, जहां डाक्टरों द्वारा जांच करने पर मृत घोषित कर दिया। वहीं सूत्रों का कहना है कि आशीष मेडिकल में दवा बिक्री के साथ लोगों का उपचार भी किया जाता है, इससे हर दिन वहां मरीज पहुंचते हैं जिनको दवा के साथ इजेंक्शन भी लगाया जाता है। ऐसे में परिजनों की शिकायत पर खरसिया पुलिस ने मर्ग कायम कर पीएम उपरांत शव परिजनों को सौंप दी है। साथ ही परिजनों की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है। ऐसे में अब पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
झोलाछाप डाक्टर सक्रिय
इस संबंध में ग्रामीणों का कहना है कि यहां जगह-जगह झोलाछाप डाक्टर अपनी दुकान संचालित कर रहे हैं, साथ ही मेडिकल संचालक भी दवा बिक्री के साथ लोगों का उपचार करते हैं, हालांकि इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग को भी है, लेकिन इसके बाद भी कभी इनकी जांच नहीं होती है। ऐसे में हर हमेशा लोग इनके शिकार हो रहे हैं। वहीं अब आशीष मेडिकल के द्वारा उपचार किए जाने से एक घर का चिराग बुझ गया है। वहीं बताया जा रहा है कि मुकेश यादव को कोई ज्यादा तबीयत खराब नहीं थी, जिससे वह खुद से बाइक चलाकर मेडिकल तक गया था। ऐसे में अचानक उसकी मौत होना संदेह के घेरे में आ रहा है।
क्या कहते हैं थाना प्रभारी
इस संबंध में खरसिया थाना प्रभारी सीताराम ध्रुव का कहना है कि मृतक मुकेश यादव चपले राशन छोडऩे के लिए गया था, इस दौरान जब चपले के आशीष मेडिकल के पास पहुंचा तो अचानक दुकान के सामने गिर कर बेहोश गया, इससे मेडिकल संचालक द्वारा आनन-फानन में उसे उपचार के लिए चपले अस्पताल भेजा गया, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। ऐसे में अब मामले की जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
क्या कहते हैं सीएमएचओ
इस संबंध में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल जगत ने बताया कि किरीतमाल निवासी मुकेश यादव को चपले अस्पताल लाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। वहीं शार्ट पीएम में उसका मौत बे्रन हेमरेज बताया जा रहा है। ऐसे में अब पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।



