रायगढ़। नाबालिग की हत्या का मामला सामने आया है। मंगलवार सुबह पुराने बस डिपो की झाडिय़ों में नाबालिग की लाश मिली। उसका सिर कुचला हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, संजय मैदान क्षेत्र निवासी धनुर्जय चौहान (16) सोमवार रात चक्रधर समारोह देखने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह रातभर घर नहीं पहुंचा। मंगलवार सुबह पुराने बस डिपो के पास रहने वाले लोगों ने झाडिय़ों के बीच एक युवक की लाश देखी। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच की। मृतक की पहचान धनुर्जय चौहान के रूप में हुई। जो कि कार शोरूम में काम करता था। वहीं, पिता ने दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस के मुताबिक, धनुर्जय के सिर को पत्थर या किसी भारी वस्तु से कुचलकर हत्या किए जाने की आशंका है। शव खून से लथपथ हालत में झाडिय़ों के बीच पड़ा था। पुलिस ने मौके से सबूत जुटाए हैं और हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
2-3 संदिग्ध हिरासत में
बताया जा रहा है कि पुलिस ने मामले में 2 से 3 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धनुर्जय आखिरी बार किन लोगों के साथ था और उसकी हत्या किस वजह से की गई। पिता शिवलाल चौहान ने बेटे के दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि उनकी तीन बेटियां और एक बेटा था। बेटा कार शोरूम में काम करता था। बेटियों की पढ़ाई के लिए वे किराए के मकान में रहते हैं। शिवलाल के मुताबिक, बेटा रात करीब 9 बजे चक्रधर समारोह में जाने की बात कहकर घर से निकला था। रात 10 बजे तक उसके मोबाइल पर कॉल जा रही थी, लेकिन 11 बजे मोबाइल बंद बताने लगा। सुबह उन्हें बेटे के साथ हुई घटना की जानकारी मिली।
पुराने बस डिपो में नशेडिय़ों का जमावड़ा
आसपास के लोगों के मुताबिक, पुराना बस डिपो खंडहरनुमा है और यहां बड़ी-बड़ी झाडिय़ां हैं। इसके चलते इलाके में नशेडिय़ों का भी जमावड़ा रहता है। आशंका जताई जा रही है कि रात में नशे के दौरान किसी विवाद के बाद युवक की हत्या की गई होगी। हालांकि, अभी हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।



