रायगढ़। शहर की पुरानी बस्ती में एक नवविवाहिता ने रीन बनाने के चक्कर में अपनी जान गंवा दी। महिला ने मोबाइल का वीडियो रिकॉर्डिंग ऑन कर घर के सीलिंग पंखे में फंदा लगाई, लटकने का प्रयास कर रही थी, इस दौरान रस्सी फंस जाने से उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र के कोष्टापारा रवि कंप्यूटर गली निवासी शुभम देवांगन की 22 वर्षीय पत्नी विशाख देवांगन की घर के बंद कमरे में सीलिंग पंखे पर बंधे फंदे पर संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिली है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि चार साल पहले शुभम की विशाखा से शादी हुई थी। मंगलवार को शुभम, उसका भाई आकाश और मां रजनी काम पर निकले तो विशाखा ठीक थी। दोपहर में जब लौटे तो कमरे का दरवाजा भीतर से बंद था। काफी खटखटाने के बाद भी विशाखा का कोई जवाब नहीं मिलने पर सीढी लगाकर भीतर झांके तो सीलिंग फैन में वह फंदे पर झूलती दिखी। जिससे घटना की सूचना पुलिस को दिया गया। वहीं पुलिस ने पंचनाम दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। बुधवार को पुलिस ने परिजनों का बयान दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। वहीं, जब पुलिस ने मृतिका का मोबाइल फोन जांच किया तो पता चला कि वह सोशल मीडिया में रिल्स बनाने की बेहद शौकीन थी। ऐसे में जब विशाखा के सेलफोन की गैलरी को खंगाला गया तो उसमें एक ऐसा वीडियो सामने आया, जिसमें विशाखा ने सीलिंग पंखे में फंदा लगाते दिख रही थी। फांसी पर लटकते ही उसने जेब में रखे ब्लेड को निकाला भी, लेकिन कपड़े के फंदे को वह काट नहीं पाई जिससे उसकी मौत हो गई।
वीडियो का सच खंगालेगी पुलिस
बहरहाल, प्रथमदृष्टया रिल्स बनाने के फेर में लापरवाही होने के कारण महिला की मौत मानी जा रही है। ऐसे में तहसीलदार वर्षा तिवारी द्वारा कागजी कार्रवाई के साथ कोतवाली पुलिस मर्ग कायम कर वीडियो की असलियत खंगालेगी, ताकि घटना की असली वजह सामने आ सके।
हर पहलू की जांच कर रही पुलिस
इस मामले में डीएसपी सुशांतो बनर्जी ने बताया कि, विशाखा के परिजन सुबह काम पर चले गए थे। दोपहर में उसकी सास घर लौटी तो अंदर का दरवाजा बंद मिला। दरवाजा तोडऩे पर विवाहिता फांसी के फंदे पर लटकी मिली। उन्होंने बताया कि मोबाइल फोन रिकॉर्डिंग स्थिति में मिला है। उसमें आत्महत्या की घटना रिकॉर्ड हुई है। फिलहाल, मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की बारीकी से जांच कर रही है।



