सारंगढ़। एन.एस.यू.आई ने स्कूलों की तिथि आगे बढ़ाने एवं आत्मानंद विद्यालयों के संविदा कर्मियों के नियमितीकरण की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एन.एस.यू.आई) द्वारा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा के नेतृत्व में आज मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर प्रदेश में स्कूलों के संचालन की तिथि जो 16 जून निर्धारित है उसे आगे बढ़ाते हुए 1 जुलाई करने की मांग तथा स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में कार्यरत संविदा कर्मियों के नियमितीकरण की मांग की गई।
एन.एस.यू.आई जिलाध्यक्ष एवं पदाधिकारियों ने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि प्रदेश में लगातार बढ़ती गर्मी एवं मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के हित में स्कूलों के खुलने की तिथि आगे बढ़ाई जानी चाहिए। संगठन का कहना है कि अत्यधिक तापमान के कारण विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसके साथ ही एन.एस.यू.आई ने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में वर्षों से सेवाएं दे रहे संविदा कर्मियों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। ज्ञापन में मांग की गई कि इन कर्मियों के योगदान और अनुभव को देखते हुए उनका नियमितीकरण किया जाए, ताकि उन्हें रोजगार सुरक्षा एवं अन्य शासकीय सुविधाओं का लाभ मिल सके। एन.एस.यू.आई नेताओं ने कहा कि आत्मानंद विद्यालयों की सफलता में संविदा कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। बावजूद इसके, वे लंबे समय से नौकरी की अस्थिरता और अन्य समस्याओं का सामना कर रहे हैं। सरकार को उनकी मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार करते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए। ज्ञापन सौंपने के दौरान एन.एस.यू. आई के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि विद्यार्थियों एवं संविदा कर्मियों की मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आगामी दिनों में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा।
एनएसयूआई ने मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन



