रायगढ़। कार्तिक पूर्णिमा की पूर्व संध्या आज रविवार को गुरुनानक जयंती के उपलक्ष्य पर सिख समुदाय ने गुरु नानक जी की शोभायात्रा निकाली। इस दौरान पंचप्यारों की अगुवाई में जहां शबद कीर्तन करते सैकड़ो की संख्या में सिख समाज के लोग शामिल हुए। वहीं युवाओं ने शोभायात्रा के दौरान शौर्य प्रदर्शन करने अस्त्र-शस्त्र संचालन का करतब दिखाया। शोभायात्रा स्थानीय गौशाला चौक स्थित मंगलम् से निकली जो शहर के प्रमुख मार्गों से भ्रमण करते हुए पुन: मंगलम् पहुंची। प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी गुरुनानक जयंती पर्व पर सिख समुदाय द्वारा विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। इसी क्रम में आज रविवार को शहर के मंगलम् से गुरुनानक जी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में सिख समुदाय के लोग शामिल हुए। शोभायात्रा की अगुवाई पंच प्यारों ने की। विशेष वेशभूषा में पंच प्यारों की अगुवाई के साथ ही महिलाएं शोभायात्रा के पथ पर झाड़ू लगाते हुए मार्ग की सफाई करते आगे बढ़ते रहे। शोभायात्रा मंगलम् से निकलकर हण्डी चौक, कोतवाली मार्ग से सुभाष चौक होते हुए गौरी शंकर मंदिर चौक पहुंची। इसी तरह गौरीशंकर मंदिर मार्ग से सिल्वर पैलेस होते हुए रामनिवास टॉकीज चौक से महात्मा गांधी मार्ग से गांधी प्रतिमा चौक, स्टेशन रोड से स्टेशन चौक उसके बाद नटवर स्कूल मार्ग से सतीगुड़ी चौक होते हुए घड़ीचौक से होकर गौशाला चौक स्थित मंगलम् पहुंची।
जगह-जगह आत्मीय स्वागत
शोभा यात्रा का शहर के प्रमुख मार्गों के अलावा शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर आत्मीय स्वागत किया गया। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को मिष्ठान प्रसाद का वितरण भी किया जा रहा था। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं और युवा भी शामिल रहे।
युवाओं ने किया शौर्य प्रदर्शन
गुरुनानक जयंती के उपलक्ष में निकाली गई भव्य शोभायात्रा में जहां बड़ी संख्या में युवक-युवती शामिल हुए। वहीं युवाओं ने शोभायात्रा के दौरान अस्त्र-शस्त्र संचालन का प्रदर्शन कर करतब दिखाया। शहर के गौरीशंकर मंदिर चौक सहित विभिन्न चौराहा पर शोभायात्रा के दौरान युवक युवतियों ने तलवार, भाला और लाठी चलाने की कला का प्रदर्शन किया। युवक-युवतियों के इस शौर्य प्रदर्शन की शहर में खूब चर्चा रही।
मंगलम् में अटूट लंगर
शोभा यात्रा के समापन के साथ ही मंगलम् में लंगर का आयोजन किया गया। इसी तरह गुरुनानक जयंती पर कल सोमवार को दोपहर मंगलम् में लंगर का आयोजन होगा। गुरुनानक जयंती पर शबद कीर्तन का भी आयोजन किया गया है।
पूर्व विधायक विजय अग्रवाल ने दी बधाई
पूर्व विधायक विजय अग्रवाल ने श्री गुरूनानक जयंती एवं कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर रायगढ़ जिलेवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने ने कहा कि सिखों के प्रथम गुरू श्री गुरूनानक देव जी ने अंधविश्वासों एवं सामाजिक कुरीतियों का विरोध करते हुए दीन-दुखियों की सेवा का महान संदेश दिया। उनके उपदेशों में सभी के प्रति समान भाव रखने और मानव मात्र के कल्याण की कामना की गई है। उनकी शिक्षाएं वर्तमान में और अधिक प्रासंगिक एवं प्रेरणादायी हैं। उन्होंने आह्ववान किया कि हमें इस पावन अवसर पर गुरूनानक देवजी के संदेशों को आत्मसात कर जनकल्याण तथा देश-प्रदेश की उन्नति में भागीदारी निभाने का संकल्प लेना चाहिए। पूर्व विधायक विजय अग्रवाल ने कार्तिक पूर्णिमा की जिलेवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा की धार्मिक मान्यता के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा के दिन पवित्र नदी में स्थान करने से व्यक्ति को पापों से मुक्ति मिल जाती है। मान्यता है कि इस दिन स्वर्ग से देवतागण भी आकर गंगा स्नान करते हैं इसलिए कार्तिक पूर्णिमा के दिन गंगा स्नान जरूर करना चाहिए। कार्तिक पूर्णिमा का दिन हर व्यक्ति को अपने सामर्थ्य अनुसार दान करना चाहिए।