रायगढ़। पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक अवदाब सक्रिय हुआ है। जिसके चलते प्रदेशभर में अगले 24 घंटे तक रूक-रूक कर तेज अंधड़ के साथ बारिश की संभावना है, वहीं बुधवार को सुबह से ही जिले में रूक-रूक कर वर्षा हो रही है, इससे अधिकतम तपमान में गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, बने अवदाब और प्रबल होने की संभावना है, जो एक गहरे अवदाब के रूप में विकसित होकर पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी तथा उससे सटे उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगा। विभाग ने बताया है कि गहरे अवदाब में बदलने के बाद भी इसकी पश्चिम उत्तर पश्चिम दिशा में गति जारी रहेगी। इसके परिणामस्वरूप, यह गंभीर मौसमी तंत्र गुरुवार को सुबह तक उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और दक्षिणी तटीय ओडिशा के समुद्री तटों को प्रभावित कर सकती है। विशेष रूप से, विशाखापट्टनम और गोपालपुर के मध्य के क्षेत्रों में इसके गहरे अवदाब के रूप में तट से टकराने की संभावना व्यक्त की गई है। इस मौसमी प्रणाली के तट से टकराने के दौरान तटीय इलाकों में तेज हवाएं चलने और भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है। इस अवदाब के चलते 23 सितंबर से रायगढ़ जिला में कभी बादल तो कभी धूप का खेल चलता रहा है, वहीं दोपहर के समय आचानक कुछ देर के लिए बारिश हुई, लेकिन थोड़ी देर बाद तेज धूप निकल गई। वहीं शाम करीब पांच बजे भी घने बादल के साथ तेज अंधड़ के साथ झमाझम बारिश हुई है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार अगले 26 सितंबर तक प्रदेश के अलग-अलग संभाग के जिलों में अंधड़ के साथ बारिश हो सकती है। वहीं कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात भी होने की संभावना है। वहीं 25 सितंबर को हल्की से मध्यम वर्षा तथा 26 सितंबर को जिले के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है, उसके बाद बारिश की कमी आने की बात कही जा रही है।
विभाग ने जारी किया यलो अलर्ट
बंगाल की खाड़ी बने अवदाब की गति को देखते हुए मौसम विभाग ने बुधवार शाम को रायगढ़ सहित आसपास के कई जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली सहित अन्य जिला शामिल है। बताया जा रहा है कि इन तीन दिनों में इन जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में अच्छी बारिश हो सकती है।
कुछ ही देर के लिए हो रही वर्षा
बुधवार सुबह से ही जिले में तेज बारिश का मौसम तो बन रहा है, लेकिन बारिश के साथ-साथ तेज हवा चलने के कारण कुछ देर बाद ही बारिश की गति धीमी पड़ जा रही है और कुछ देर बाद बंद हो जा रही है। ऐसे में देखा जाए तो दिन भर में तीन-चार बार बारिश आई है, लेकिन फिर भी अच्छी बारिश नहीं हो पाई है।



