रायगढ़। धरमजयगढ़ ब्लॉक अंतर्गत ग्राम शकरलिया के ग्रामीणों द्वारा दी गई शिकायत पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शासकीय भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तम विश्वास द्वारा ग्राम की शासकीय भूमि खसरा नंबर 46-1-1, रकबा लगभग 1.5 एकड़ पर अवैध रूप से कब्जा कर बाउंड्री निर्माण कर लिया गया था।मामले में नियमानुसार प्रकरण दर्ज कर तहसील प्रशासन द्वारा सुनवाई की गई। जांच के दौरान यह पाया गया कि संबंधित भूमि के आसपास शासकीय स्कूल स्थित है तथा उत्तम विश्वास का उक्त भूमि पर किसी प्रकार का स्वामित्व नहीं है। साथ ही आसपास उनकी निजी भूमि भी नहीं पाई गई, जिससे अवैध कब्जा स्पष्ट रूप से प्रमाणित हुआ।
सभी तथ्यों के आधार पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए बाउंड्री को हटाकर शासकीय भूमि को कब्जे से मुक्त करा लिया।हाल ही में सुप्रीम कोर्ट इंडिया द्वारा शासकीय भूमि पर अवैध कब्जों के विरुद्ध सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के परिपालन में स्थानीय प्रशासन द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है।धरमजयगढ़ तहसीलदार हितेश कुमार साहू ने बताया कि स्कूल सहित अन्य शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत मिलने पर इसी तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। प्रशासन की इस सक्रियता से कब्जाधारियों में हडक़ंप मचा हुआ है।प्रशासन का संदेश स्पष्ट: शासकीय भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ अब कोई ढील नहीं दी जाएगी।
धरमजयगढ़ में अवैध कब्जाधारियों पर बड़ी कार्रवाई
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद प्रशासन सख्त, 1.5 एकड़ शासकीय भूमि मुक्त



