रायगढ़. रेलवे विभाग द्वारा इन दिनों जोन के अलग-अलग स्टेशनों व ट्रेनों में टिकट चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, ताकि सफर करने वाले यात्रियों को सुगम यात्रा का लाभ मिल सके, ऐसे में पिछले 48 घंटे की जांच अभियान में बिलासपुर से ब्रजराजनगर के बीच चलाए गए इस अभियान में 733 मामले दर्ज हुए, जिससे करीब 6.70 लाख रुपए का राजस्व वसूला गया।
उल्लेखनीय है कि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल ने यात्रियों को सुगम व सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराने तथा रेलवे नियमों को पालन करने के उद्देश्य से इन दिनों विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जांच की जा रही है। इससे वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन में 12 और 13 सितंबर को मंडल में 48 घंटे का महा टिकट चेकिंग अभियान किया गया। यह अभियान रायगढ़ स्टेशन के साथ-साथ ब्रजराजनगर-रायगढ़-चांपा-बिलासपुर-भाटापारा सेक्शन में चला। इस दौरान वाणिज्य निरीक्षक, मुख्य टिकट निरीक्षक और टीटीई स्टाफ ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा प्रारंभ करने से पूर्व उचित यात्रा टिकट अवश्य लें। साथ ही, स्टेशन परिसर में प्रवेश करने के लिए प्लेटफॉर्म टिकट खरीदें। साथ ही यात्रीगण स्टेशन व ट्रेन में गंदगी न फैलाएं और धूम्रपान न करते हुए स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि सभी के लिए एक बेहतर यात्रा अनुभव सुनिश्चित किया जा सके।
47 ट्रेनों की हुई जांच
इस जांच अभियान के दौरान रायगढ़ स्टेशन व ब्रजराजनगर-रायगढ़-चांपा-बिलासपुर-भाटापारा सेक्शन से गुजरने वाली 47 ट्रेनों की सघन जांच की गई, जिसमें कुल 733 मामले सामने आए, जिससे विभाग ने कुल 6,70,155 रुपये का जुर्माना वसूला किया। इन मामालें में विशेष रूप से बिना टिकट यात्रा के 601 मामलों से 06 लाख 10 हजार 880 रुपये, अनियमित टिकट के 73 मामले से 52 हजार 925 रुपये तथा बिना बुक लगेज के 59 मामलों 06 हजार 350 रूपये का जुर्माना शामिल है।
रायगढ़ में 48 घंटे का महा टिकट चेकिंग अभियान, 733 मामलों में 6.70 लाख का जुर्माना



