रायगढ़। त्यौहारी सीजन शुरू होते ही मिठाईयों में मिलावट का दौर शुरू हो गया है। जिसको ध्यान में रखते हुए फुड एण्ड सेफ्टी विभाग ने बने खाबो बने रहिबो अभियान के तहत मिठाईयों की गुणवत्ता की जांच शुरू कर दी है। ऐसे में मंगलवार को शहर के दो प्रतिष्ठानों की जांच कर मिठाई का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा है।
उल्लेखनीय है कि त्योहारी सीजन के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में सघन कार्रवाई शुरू कर दी है। ऐसे में इस बार लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उदेदश्य से कलेक्टर एवं सीएचएमओ के निर्देश पर बने खाबो बने रहिबो अभियान का शुभारंभ किया है। इसके तहत शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। जिससे जिला खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने चावला स्वीट्स कारखाना में दबिश दिया जहां गुणवत्ता पर शंका के आधार पर मसूर पाक और गोंद लड्डू के नमूने लिए गए। इसके अतिरिक्त, साखी ट्रेडर्स से पैकेटबंद शुगर बॉयल्ड कन्फेक्शनरी आइटम का भी एक नमूना जांच के लिए लिया गया। विभाग ने सभी व्यापारियों को बिना लेबल वाले खाद्य पदार्थ न तो बेचने और न ही क्रय करने की सख्त चेतावनी दी है। यह कदम उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देने के लिए उठाया गया है। इस कार्रवाई के दौरान अभिहित अधिकारी सुधा चौधरी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सरिता पटेल, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नेमीचंद पटेल और नमूना सहायक सुमन अग्रवाल उपस्थित रहे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों में किसी भी प्रकार की मिलावट या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की जाएगी।
रक्षाबंधन को लेकर बने खाबो बने रहिबो अभियान का हुआ शुभारंभ
चावला स्वीट्स व साखी ट्रेडर्स से लिए नमूने



