रायगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रायगढ़ के सिंदूर पार्क में आयोजित तीन दिवसीय भव्य फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, विद्यार्थियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
इस अवसर पर महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि आज देश डिजिटल, आर्थिक और सामाजिक रूप से अधिक सशक्त हुआ है। गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के कौशल विकास, किसानों की आय वृद्धि तथा आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल हुई हैं। उन्होंने नागरिकों से प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने और पात्रतानुसार उनका लाभ उठाने का आह्वान किया।
सिंदूर पार्क में आयोजित यह प्रदर्शनी प्रतिदिन प्रात: 11 बजे से शाम 5 बजे तक आम नागरिकों के लिए खुली रहेगी। प्रदर्शनी में केंद्र सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं तथा विभिन्न क्षेत्रों में हासिल उपलब्धियों को आकर्षक चित्रों, ग्राफिक्स, तथ्यात्मक आंकड़ों एवं सफलता की कहानियों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। प्रदर्शनी में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के सकारात्मक प्रभाव को प्रभावशाली तरीके से दर्शाया गया है। इसके माध्यम से नागरिकों को यह जानने का अवसर मिल रहा है कि बीते वर्षों में संचालित योजनाओं ने समाज के विभिन्न वर्गों के जीवन में किस प्रकार सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है। प्रदर्शनी में वित्तीय समावेशन, आवास, स्वास्थ्य, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सुरक्षा, डिजिटल सेवाओं के विस्तार तथा आधारभूत संरचना विकास से जुड़े कार्यों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया है।
प्रधानमंत्री जनधन योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों के बैंक खाते खुलने, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने, स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से स्वच्छता के क्षेत्र में आए बदलावों, आयुष्मान भारत योजना से गरीब परिवारों को मिल रही स्वास्थ्य सुरक्षा तथा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के जरिए महिलाओं के जीवन में आए सकारात्मक परिवर्तन को प्रदर्शनी में प्रमुखता से स्थान दिया गया है। डिजिटल इंडिया अभियान के अंतर्गत डिजिटल भुगतान प्रणाली, ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट कनेक्टिविटी के विस्तार, ई-गवर्नेंस तथा सरकारी सेवाओं के डिजिटलीकरण से आए बदलावों को भी रोचक और तथ्यपरक ढंग से प्रस्तुत किया गया है। प्रदर्शनी में यह भी दर्शाया गया है कि तकनीक के प्रभावी उपयोग से शासन और नागरिकों के बीच संवाद एवं सेवा वितरण प्रणाली किस प्रकार अधिक सरल, पारदर्शी और सुलभ हुई है।
देश में सडक़, रेल, हवाई अड्डों, बंदरगाहों तथा अन्य आधारभूत संरचनाओं के विकास के क्षेत्र में हुए उल्लेखनीय कार्यों को भी प्रदर्शनी का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है। चित्रों और तथ्यों के माध्यम से यह बताया गया है कि आधारभूत सुविधाओं के विस्तार ने आर्थिक गतिविधियों को गति देने के साथ-साथ आम नागरिकों के जीवन को अधिक सुविधाजनक बनाया है। प्रदर्शनी का विशेष आकर्षण छत्तीसगढ़ में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं विकास परियोजनाओं की झलक है। राज्य में सडक़, रेलवे, स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, जल संरक्षण, डिजिटल सेवाओं तथा जनकल्याण से जुड़े कार्यों को चित्रों एवं विस्तृत विवरणों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। जिले के नागरिकों, विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, सामाजिक संगठनों एवं विभिन्न संस्थाओं से बड़ी संख्या में प्रदर्शनी का अवलोकन करने की अपील की है, ताकि वे केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त कर सकें तथा पात्रतानुसार उनका लाभ उठा सकें।
फोटो प्रदर्शनी के शुभारंभ अवसर पर सभापति श्री डिग्री लाल साहू, श्रीकांत सोमवार, श्री सुरेश गोयल, श्री जतिन साव, श्री अनुपम पाल, श्री पवन शर्मा, श्री पावन अग्रवाल, श्री संजय अग्रवाल, श्री शैलेश माली, श्रीमती पूनम सोलंकी, श्रीमती मधुलता पटेल, श्री असलम हुसैन, सतनाम पोथीवल, श्री अरुण सिंह, श्री राज सहगल, श्री चीकू केशरवानी, नेहा देवांगन, श्री प्रशांत ठाकुर, मुकेश चतुर्वेदी, लल्ला देवांगन, नियाज खान सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सिंदूर पार्क में तीन दिवसीय फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ
केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों एवं विकास कार्यों की झलक से रूबरू हो रहे नागरिक



