रायगढ़। जिले में मॉडिफाई साइलेंसर लगाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। अभियान के तहत पुलिस ने 11 बुलेट चालकों को मॉडिफाई साइलेंसर के साथ पकड़ा। इन सभी चालकों और उनके अभिभावकों को पुलिस अधीक्षक कार्यालय बुलाया गया, जहां उन्हें नियमों के उल्लंघन पर कड़ी चेतावनी दी गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस और जिले के सभी थानों की टीम मोटर व्हीकल एक्ट के तहत विशेष जांच अभियान चला रही है। शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर जांच के दौरान ऐसे 11 वाहन पकड़े गए जिनमें तेज आवाज वाले मॉडिफाई साइलेंसर लगे हुए थे। इन वाहनों को आगे की कार्रवाई के लिए ट्रैफिक थाने लाया गया। वहीं, 50 बुलेट साइलेंसर पर बुलडोजर चला दिया गया।
रविवार को संबंधित वाहन चालकों और उनके अभिभावकों को पुलिस कार्यालय बुलाया गया। इस दौरान एसएसपी शशि मोहन सिंह ने उन्हें कड़ी फटकार लगाते हुए भविष्य में ऐसी गलती दोहराने पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी। साथ ही वाहनों में लगे मॉडिफाई साइलेंसर निकलवाकर उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने अभियान के दौरान हाल ही में ट्रैफिक थाना और अन्य थानों ने करीब 50 मॉडिफाई साइलेंसर जब्त किए थे। इन सभी साइलेंसरों को रविवार को ट्रैफिक थाना के पीछे स्थित पुलिस कॉलोनी में बुलडोजर चलाकर नष्ट कर दिया गया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने आम नागरिकों से अपील की है कि, यदि उनके आसपास मॉडिफाई साइलेंसर वाले वाहन दिखाई दें तो उनकी फोटो लेकर पुलिस को व्हाट्सएप के माध्यम से भेजें। इसके लिए उन्होंने अपना शासकीय मोबाइल नंबर 9479193200 भी साझा किया है, ताकि ऐसे वाहन चालकों पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
50 बुलेट साइलेंसर पर चला बुलडोजर
परिजनों के साथ एसएसपी कार्यालय बुलाकर लगाई फटकार



