रायगढ़। चोरों ने प्री-प्लानिंग कर रात में ट्रेलर का डाला चोरी किया और उसे रायपुर में 4 लाख 30 हजार रुपए में बेच दिया। पुलिस ने करीब 300 सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंच बनाई। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया डाला और इंजन बरामद कर लिया गया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक ट्रांसपोर्ट नगर, सारंगढ़ बस स्टैंड क्षेत्र निवासी धीरज कुमार नवीन (41) ने 2 अगस्त को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि ट्रेलर का इंजन बजरंग मोटर के अंदर था, जबकि उसका डाला उर्दना बैरियर से सीएमओ तिराहा के बीच सडक़ किनारे खड़ा था। 27 जुलाई की शाम करीब 4 बजे डाला वहां खड़ा किया गया था। अगले दिन सुबह डाला गायब मिला। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास पूछताछ के साथ सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की। जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास लगे करीब 300 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को बारीकी से खंगाला गया। रात के अंधेरे के कारण वाहन की पहचान करना मुश्किल था, लेकिन पुलिस ने लगातार फुटेज की कडिय़ां जोड़ते हुए अहम सुराग हासिल किया।
सीसीटीवी फुटेज में चोरी किया गया डाला दूसरे ट्रेलर के इंजन से जोडक़र ले जाते हुए दिखाई दिया। डाला लेकर जा रहे ट्रेलर के आगे एक नीले रंग की कार भी चल रही थी, जो पायलेटिंग कर रही थी। पुलिस ने दोनों वाहनों के आने-जाने का पूरा रूट सीसीटीवी फुटेज के जरिए ट्रेस किया।
जांच में पता चला कि आरोपियों ने पुलिस और सीसीटीवी से बचने के लिए मुख्य मार्ग और टोल नाकों का इस्तेमाल नहीं किया। वे डाला लेकर बाइपास और कच्चे रास्तों से रायपुर पहुंचे। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने वाहन को रायपुर के कबीरनगर क्षेत्र तक ट्रेस किया। इसके बाद आरटीओ रिकॉर्ड से ट्रेलर मालिक की जानकारी जुटाई गई।
आरटीओ रिकॉर्ड से पुलिस को मिली सफलता
आरटीओ रिकॉर्ड के अनुसार ट्रेलर का मालिक जसविंदर सिंह उर्फ राहुल (26), निवासी बोइरदादर, मां बिहार कॉलोनी, चक्रधरनगर रायगढ़ मिला। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने साथी पवनदीप सिंह (32), निवासी भगवानपुर और संदीप कुमार खत्री (29), निवासी मंगलूडीपा के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।
रायपुर में 4.30 लाख में बेचा
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 27 जुलाई की रात करीब ढाई बजे चोरी किए गए डाले को ट्रेलर के इंजन में फंसाकर रायपुर ले गए थे। उन्होंने चोरी का डाला रायपुर निवासी हरचरण सिंह सरदार, मोहबा नगर, थाना कबीरनगर को 4 लाख 30 हजार रुपए में बेच दिया था। हरचरण सिंह के कहने पर डाला इंजन समेत ग्राम बेलतरा, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर में रखा गया था। पुलिस ने ग्राम बेलतरा पहुंचकर चोरी गया डाला और इंजन बरामद कर लिया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 13 लाख रुपए है।
कार और मोबाइल भी जब्त
पुलिस ने चोरी के दौरान पायलेटिंग में इस्तेमाल की गई नीले रंग की कार भी जब्त की है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपए बताई गई है। कार आरोपी जसविंदर सिंह के पास से बरामद हुई। इसके अलावा वारदात को लेकर आरोपियों के बीच हुई बातचीत के आधार पर उनके मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
एक आरोपी पहले भी जा चुका है जेल
पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपी ड्राइविंग का काम करते हैं। उन्हें वाहनों और रास्तों की जानकारी थी, जिसका फायदा उठाकर उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी संदीप कुमार खत्री करीब दो महीने पहले मोटरसाइकिल चोरी के मामले में जमानत पर बाहर आया था। चोरी का डाला खरीदने वाला आरोपी हरचरण सिंह सरदार फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
संपत्ति संबंधी अपराधों में पुलिस की प्राथमिकता आरोपियों को पकडऩे के साथ चोरी हुए सामान की बरामदगी सुनिश्चित करना है। कोतवाली पुलिस ने सीमित सुराग के बावजूद आरोपियों तक पहुंच बनाई और चोरी गया ट्रेलर का डाला बरामद कर लिया। अपराध कितना भी सुनियोजित क्यों न हो, पुलिस की नजर से बचना आसान नहीं है।
शशि मोहन सिंह, एसएसपी



