रायगढ़। नगर निगम की सामान्य सभा की बैठक में शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई,बैठक में कुल 14 एजेंडों को स्वीकृति प्रदान की गई, जिससे शहर में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है,बैठक में महापौर जीवर्धन चौहान ने शहर के समग्र विकास से जुड़े मुद्दों पर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि नगर के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने, नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने और विकास कार्यों को तेजी देने के लिए निगम लगातार प्रयास कर रहा है,उन्होंने कहा कि सामान्य सभा में लिए गए निर्णय शहर के विकास को नई दिशा देंगे।
इस दौरान निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने सभी एजेंडों की विस्तार से जानकारी दी, उन्होंने बताया कि वार्ड समितियों के गठन से स्थानीय स्तर पर जनभागीदारी बढ़ेगी और क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान में तेजी आएगी,वहीं प्रस्तावित बस टर्मिनल के निर्माण से शहर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने में मदद मिलेगी, बस टर्मिनल की योजना में बस, यात्री वाहन और ऑटो रिक्शा के लिए अलग-अलग तीन प्रवेश और निकास द्वार प्रस्तावित किए गए हैं,आयुक्त ने बताया कि एसएलआरएम (ैवसपक स्पुनपक त्मेवनतबम डंदंहमउमदज) सेंटर में संयंत्र की स्थापना से ठोस और तरल अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था और प्रभावी होगी, जिससे शहर की स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
बैठक में पार्षदों ने भी विभिन्न विकास कार्यों पर अपने सुझाव और विचार रखे। सभी एमआईसी सदस्यों और पार्षदों की सहमति से कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इनमें इतवारी बाजार में निर्मित ऑक्सीजोन का नामकरण सिंदूर पार्क करने, पंजरी प्लांट ऑडिटोरियम का नामकरण संत पूज्य श्री प्रियदर्शी रामजी के नाम पर करने, वार्ड समितियों के गठन, ऑडिटोरियम के पास स्थित बाल उद्यान का नामकरण भगवान श्री सहस्त्रबाहु के नाम पर करने, अमलीभौंना न्यू सारंगढ़ बस स्टैंड का उन्नयन कर अंतरराज्यीय बस टर्मिनल बनाने, एसएलआरएम सेंटर में गीले और सूखे कचरे के प्रबंधन के लिए संयंत्र स्थापना जैसे प्रस्ताव शामिल हैं। इसके अलावा गुरु घासीदास जयंती आयोजन समिति, स्टेशन चौक युवा समिति, सार्वजनिक रामलीला समिति, चक्रधर नगर कला एवं सांस्कृतिक मंच, श्री बुढ़ी माई दुर्गा उत्सव समिति और मड़ाई महोत्सव रायगढ़ समिति को अनुदान देने, शहीदों के नाम पर शासकीय स्कूल, चौक-चौराहे और पुलों का नामकरण करने, केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड के सामुदायिक भवन का नामकरण भगवान बिरसा मुंडा के नाम पर करने, संजय कॉम्प्लेक्स और मिनी स्टेडियम परिसर स्थित दुकानों के नामांतरण तथा केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड से ढिमरापुर चौक तक डामरीकृत सडक़ निर्माण जैसे प्रस्तावों को भी स्वीकृति दी गई,सभापति डिग्रीलाल साहू ने कहा कि सामान्य सभा में लिए गए निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन से शहर के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी, बैठक में नेता प्रतिपक्ष शेख सलीम नियारिया, पार्षदगण, विभाग प्रमुख और निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
निगम की सामान्य सभा की बैठक में लिया गया निर्णय
रायगढ़। शहर सरकार ने मंगलवार को नगर निगम के सभाकक्ष में आयोजित सामान्य सभा की अहम बैठक में निगम क्षेत्र के पंजरी प्लाट स्थित ऑडिटोरियम का नामकरण महान संत पूज्य श्री प्रियदर्शी राम जी के नाम पर किए जाने का निर्णय लिया है।बैठक में शहर विकास से जुड़े कई विषयों पर चर्चा की गई।पूज्य संत के नाम पर ऑडिटोरियम का नामकरण किए जाने को लेकर आज पक्ष विपक्ष के जन प्रतिनिधियों के खासा उत्साह रहा। पंजरी प्लॉट स्थित नगर निगम ऑडिटोरियम का नामकरण संत पूज्य श्री प्रियदर्शी राम जी के नाम पर किए जाने के प्रस्ताव को निगम सदन में एकमत से पारित कर दिया गया। जनभावनाओं के अनुरूप अघोर गुरु पीठ ट्रस्ट बनोरा के संस्थापक पूज्य श्री बाबा प्रियदर्शी राम जी के उल्लेखनीय योगदान का स्मरण करते हुए महापौर जीवर्धन चौहान ने महापौर परिषद (एमआईसी) की बैठक में इस संबंध में प्रस्ताव पेश किया। मेयर इन काउंसिल से पारित होकर यह प्रस्ताव सामान्य सभा को प्रेषित किया गया। मंगलवार 10 मार्च को आयोजित बैठक में उपस्थित सभी पार्षदों ने करतल ध्वनि से स्वागत करते हुए इस पूजनीय प्रस्ताव का एक स्वर में समर्थन किया। पूज्य बाबा श्री प्रियदर्शी राम जी के कर कमलों से नब्बे के दशक के बाद बनोरा में अघोर गुरु पीठ ट्रस्ट की स्थापना जन कल्याण एवं पीडि़त मानव की सेवा हेतु की गई। आस्था की इस त्रिवेणी से देशभर के अनुयायी गुरु-शिष्य की पावन परंपरा से जुड़े हुए हैं। छग के डभरा, शिवरीनारायण, चिरमिरी और अम्बिकापुर सहित अन्य राज्यों झारखंड बिहार में भी आश्रम की शाखाएँ संचालित हो रही हैं। सभी शाखाओं के जरिए समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े बेबस बेसहारा लोगों के जीवन की मूलभूत आवश्यकता शिक्षा चिकित्सा मुहैया कराई जा रही है! नशामुक्ति, खर्चीली शादी पर रोक,दहेज रहित विवाह,विधवा विवाह, महिला सशक्तिकरण, पारंपरिक खेती को प्रोत्साहन,उद्देश्यों को पूरा करने के साथ साथ यह संस्था पूज्य बाबा प्रियदर्शी राम जी के मार्गदर्शन में समाज में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार कर रही है। बनोरा ट्रस्ट के तत्वधान में निरंतर समाजसेवी गतिविधियां संचालित है।
आश्रम में निर्धन एवं जरूरतमंद बच्चों के लिए कक्षा 1 से 10वीं तक नि:शुल्क शिक्षा की व्यवस्था है। इसके साथ ही जरूरतमंद लोगों के लिए साप्ताहिक नि:शुल्क मेडिकल चेकअप, नेत्र जांच शिविर तथा प्रतिवर्ष वृहद स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन भी किया जाता है। सामाजिक सेवा, शिक्षा और जनकल्याण के क्षेत्र में बनोरा आश्रम का यह योगदान समाज के लिए अनुकरणीय माना जाता है। सामान्य सभा में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों ने ऑडिटोरियम का नाम संत पूज्य श्री प्रियदर्शी राम जी के नाम पर रखने के निर्णय पर खुशी जाहिर की और इसे आस्था व सम्मान का प्रतीक बताया।



