रायगढ़। शहर के छोटे अतरमुड़ा स्थित मतस्य विभाग के आफिस में अचानक आग लग गई, जिसकी जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की टीम पहुंची और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वहां रखे पाइले व फर्नीचर जलकर खाक हो गए, अभी तक यह खुलासा नहीं हो पाया है कि कितने का नुकसान हुआ है।
इस संंबंध में मिली जानकारी के अनुसार जिला सहायक संचालक मछली पालन विभाग के कार्यालय से रविवार शाम करीब 5 बजे अचानक तेज धुंआ निकलते ही आसपास में अफरा-तफरी मच गई। जिसे देखते ही देखते आग ने कार्यालय के एक हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। इस आगजनी में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। वहीं इस घटना को देख आसपास के मोहल्लेवासियों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। इससे फायर ब्रिगेड की टीम दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंचे और आग बुझाने जूट गए। आग की तीव्रता को देखते हुए दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी, जिसके बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। समय रहते आग पर नियंत्रण कर लिए जाने से आसपास के अन्य कार्यालयों और रिहायशी क्षेत्रों में आग फैलने से बच गई, जिससे एक बड़ी घटना टल गई। आग लगने की सूचना मिलते ही चक्रधर नगर थाना प्रभारी सहित पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लेते हुए वहां मौजूद लोगों को एहतियात के तौर पर दूर रखा गया। ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण कचरा में आग लगना बताया जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और स्थिति सामान्य बनी हुई है। मछली पालन विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर हुए नुकसान का आकलन कर रहे हैं और आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
मतस्य विभाग कार्यालय में लगी भीषण आग
आसपास के लोगों द्वारा कचरा जलाने से आग लगने की आशंका, सरकारी संपत्ति जलकर हुई खाक



