रायगढ़। शहर में चल रहे अनैतिक कार्य को लेकर पुलिस ने जांच तेज कर दिया है। ऐसे में थ्री स्टार होटल ट्रिनिटी के सातवीं मंजिल में संचालित सनराइज स्पा एंड सैलून में हो रहे अवैध देह व्यापार का खुलासा पुलिस ने की है। जहां से आपत्तिजनक सामग्री जब्त करते हुए उसके संचालक व मैनेजर को गिरफ्तार किया गया है।
इस संंबंध में मिली जानकारी के अनुसार शहर के थ्री स्टार होटल ट्रिनिटी के सातवें मंजिल पर संचालित स्पा एण्ड सैलून के आड़ में लंबे समय से अनैतिक कार्य हो रहा था।
जिसकी सूचना मिलते ही एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा ने कोतवाली पुलिस व साइबर सेल की टीम गठित कर योजनाबद्ध तरीके से सोमवार की शाम करीब 7.30 बजे रेड कर्रवाई की गई। इस दौरान पुलिस ने पाइंटर को ग्राहक बनाकर स्पा सेंटर भेजा गया, जहां से संकेत मिलते ही पुलिस टीम ने होटल में छापामारी शुरू करते हुए होटल के तीन अलग-अलग कमरों की जांच की वहां तीन महिलाएं मिली।

इस दौरान कमरों की जांच कराने पर वहां आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई। इससे स्पा सेंटर के संचालक विनयकांत बरगट से पूछताछ की गई तो उसने स्वीकार किया कि ग्राहकों को आकर्षित करने एवं अवैध कमाई के उद्देश्य से लड़कियां उपलब्ध कराते थे। इससे पुलिस ने होटल के मैनेजर देवेंद्र सिंह को भी हिरासत में लिया गया।
इनकी हुई गिरफ्तारी
कोतवाली पुलिस ने मामले की गहनता से जांच करने के बाद आरोपी विनयकांत बरगट पिता वि_ुलराव (43 वर्ष) निवासी लोहिया रोड, एकता चौक के पास वार्ड नंबर 14 कैलाश नगर भिलाई जिला दुर्ग हाल-मकाम होटल ट्रिनिटी, और देवेंद्र सिंह पिता प्रीतम सिंह (48 वर्ष) निवासी बीड़पारा रायगढ़ को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ धारा 3, 4, 5, 7 अनैतिक देह व्यापार (पीटा) अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई की गई है।
मौके से जब्त मशरूका
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक ओप्पो रेनो 11 प्रो 5जी मोबाइल, नगदी 6,000 रुपये (पुलिस पाइंटर द्वारा दिया हुआ), स्पा सेंटर से संबंधित दस्तावेज, आपत्ति जनक सामग्री, ग्राहकों का रजिस्टर एवं किरायानामा (वर्ष 2024 से) जप्त किया है।
जिले में अनैतिक एवं अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। जिसको लेकर लगातार जांच चल रही है, और इन कार्यों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जा रही है।
शशि मोहन सिंह, एसएसपी रायगढ़



