जशपुर। जिले में एक भीषण सडक़ हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के किनकेल इलाके में हुआ। जानकारी के अनुसार, हादसे के समय एक बाइक पर सवार युवक अपने वाहन की किस्त जमा कर घर लौट रहा था। वहीं दूसरी बाइक पर तीन युवक पिकनिक मनाकर लौट रहे थे। इसी दौरान किनकेल के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे में घायल तीन लोगों को तुरंत जिला चिकित्सालय जशपुर लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद एक गंभीर घायल को बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर कर दिया गया है। वहीं दो अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर तुरंत पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतकों और घायलों की पहचान अब प्रारंभिक जांच के आधार पर की जा रही है। सिटी कोतवाली पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों बाइक सवार तेज गति में थे। सडक़ पर नियंत्रण खो जाने के कारण यह भीषण टक्कर हुई। जिससे दो युवकों की अकाल मौत हो गई तो तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि किनकेल इलाके में सडक़ें संकरी हैं और कई स्थानों पर मोड़ अधिक हैं, जिससे हादसों की संभावना बढ़ जाती है। उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि सडक़ सुरक्षा उपायों को और कड़ा किया जाए और आवश्यक चेतावनी संकेत लगाए जाएं। घटना ने इलाके में शोक और सनसनी फैला दी है। स्थानीय लोगों और परिजनों ने मृतकों के अंतिम संस्कार में भाग लिया। पुलिस ने कहा कि सभी घायलों का इलाज लगातार जारी है और उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।
दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, दो की मौत और तीन गंभीर



