खरसिया। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी नगरपालिका परिषद टाउनहॉल मैदान में गणतंत्र दिवस समारोह देशभक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। नगरपालिका परिषद टाउनहॉल मैदान में होने वाले खरसिया नगर के मुख्य कार्यक्रम को सफल बनाने और भव्यता प्रदान करने के लिए नगरपालिका उपाध्यक्ष अवध नारायण बंटी सोनी की अगुवाई में सभी पार्षद और नगरपालिका के अधिकारियों कर्मचारियों की टीम जोर शोर से लगी हुई है। बताते चलें कि टाउनहॉल मैदान में आयोजित होने वाला गणतंत्र दिवस समारोह का यह मुख्य कार्यक्रम पहले बहुत ही विशाल एवं वृहद रूप से मनाया जाता था जिसमें सभी विभागों और स्कूलों की दर्शनीय और आकर्षक झांकियां निकाली जाती थी एवं एनसीसी द्वारा परेड आयोजित कर। तिरंगे को सलामी दी जाती थी। सभी स्कूलों के विद्यार्थियों द्वारा अनेकों सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाते थे। परंतु खरसिया विकासखंड में प्रसिद्ध गणतंत्र दिवस का यह समारोह विगत कई वर्षों से विभिन्न कारणों से वृहद रूप से नहीं हो पा रहा था नगर पालिका परिषद में ध्वजारोहण कर गणतंत्र दिवस मनाया जाता था। गणतंत्र दिवस समारोह को पुन: उसी रूप में मनाये जाने के संबंध में सभी विभागों और स्कूलों की एक बैठक भी विगत दिनों आयोजित की गई थी। इस वर्ष कमल गर्ग के नगरपालिका अध्यक्ष बनने के बाद प्रथम वर्ष में ही गणतंत्र दिवस समारोह को पूर्व की भांति विशाल और वृहद रूप से बनाए जाने की तैयारियां की जा रही है। जिसमें सभी विभागों और स्कूलों की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी एवं स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति से परिपूर्ण अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग द्वारा उपाध्यक्ष, नगर पालिका परिषद, खरसिया समस्त पार्षदगण एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में ध्वजारोहण किया जावेगा। मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्रीमती नीतू अग्रवाल ने सभी विभागों, स्कूलों, नगर के गणमान्य नागरिकों, प्रबुद्धजनों, युवाओं, महिलाओं, पालकगणों, पत्रकारों, तथा सभी सामाजिक संगठनों को सादर आमंत्रित करते हुए कहा कि दिनांक-26 जनवरी 2026, सोमवार समय प्रात: 8:45 बजे स्थान – टाऊन हॉल मैदान, खरसिया में आपकी गरिमामयी उपस्थिति सादर प्रार्थनीय है।



