रायगढ़। गिरोह बनाकर राहगीरों से लूटपाट करने वाले 7 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। आरोपियों ने किरोड़ीमलनगर इलाके में दो अलग-अलग वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 3 मोबाइल, 1000 रुपए कैश और वारदात में इस्तेमाल दो बाइक बरामद की है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
पहली घटना में गेल्वे कंपनी के सेल्समैन गोविंद सिंह धुर्वे (18) ने कोतरारोड थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि मंगलवार को किरोड़ीमलनगर रेलवे लाइन के किनारे विमल उरांव अपने 6-7 साथियों के साथ तीन बाइक से पहुंचा और उससे पैसे मांगे। पैसे नहीं होने की बात कहने पर आरोपियों ने गोविंद और उसके साथी नरेश सिंह से मोबाइल लूट लिया। विरोध करने पर दोनों से मारपीट की गई। इसके बाद आरोपियों ने नरेश के मोबाइल से एक दुकान पर 4 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कराए और मोबाइल वापस कर दिया। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
दूसरी वारदात में मोबाइल-पर्स लूटा
दूसरी घटना में गेल्वे कंपनी के सेल्समैन आर्यन बंजारे (21) ने रिपोर्ट दर्ज कराई। मंगलवार शाम वह रेलवे स्टेशन की ओर जा रहा था। रेलवे स्टेशन चौक के पास लाल रंग की पल्सर और एक अन्य बाइक में सवार 6-7 युवकों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने आर्यन के साथ मारपीट कर उसका मोबाइल और पर्स लूट लिया। पर्स में पैन कार्ड और आधार कार्ड भी रखे थे। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
दोनों मामलों की जांच के दौरान पुलिस ने किरोड़ीमलनगर क्षेत्र के लोगों से पूछताछ की। इस दौरान विमल उरांव और उसके साथियों द्वारा क्षेत्र में राहगीरों से लूटपाट करने की जानकारी मिली। पुलिस ने विमल समेत उसके साथियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने दोनों वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक, पहली घटना में ऑनलाइन ट्रांसफर कराए गए 4 हजार रुपए में से बची 1 हजार रुपए की राशि का आरोपियों ने आपस में बंटवारा किया था।
मोबाइल, कैश और दो मोटरसाइकिल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 मोबाइल फोन, 1000 रुपए कैश, एक जावा और एक पल्सर बाइक बरामद की है। लूट का पोको मोबाइल आरोपी विमल उरांव से और ऑनलाइन ट्रांसफर की गई रकम में से बची 1000 रुपए नाबालिग से बरामद की गई। प्रकरण में आरोपियों की संख्या पांच से अधिक होने पर धारा 309(6), 3(5) बीएनएस को हटाकर धारा 310(2) बीएनएस के तहत डकैती का अपराध जोड़ा गया। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने विमल उरांव (22), रितेश कुमार महंत उर्फ गोल्डी (21), दुर्गेश चौहान (19), बिट्टू उर्फ विवेक पटेल (22), महावीर पटेल (19), ऋषि चौहान (19) और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है।



