खरसिया। एकेडमिक ब्राइट पब्लिक स्कूल, रजघट्टा खरसिया में दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता उत्साह, जोश और खेल भावना के साथ आयोजित की गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर ऊर्जा, प्रतिस्पर्धा और आनंद से सराबोर रहा। दो दिवसीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक डॉ. अनुज कुमार ठाकुर और संजय कुमार ठाकुर द्वारा मां सरस्वती की पूजा कर विधि विधान से किया गया। उद्घाटन समारोह में उपस्थित अतिथियों ने संयुक्त रूप से मशाल प्रज्वलित कर खेलों की ऊर्जा और सकारात्मकता का संदेश दिया। खेलकूद प्रतियोगिता को मनमोहक और प्रभावशाली बनाते हुए प्रतियोगिताओं में सहभागिता निभाने वाले चारों हाउस अलकनंदा ब्लू , ब्रह्मपुत्र ग्रीन, पार्वती रेड और साबरमती येलो के विद्यार्थियों ने अनुशासनबद्ध मार्च पास्ट कर तिरंगे को सलामी दी। विद्यालय के प्राचार्य रबी मेहर, खेल शिक्षक विवेकानंद यादव और पूरे शिक्षक-स्टाफ ने समन्वय और अनुशासन के साथ पूरे आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
खेलकूद हमें मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत और सशक्त बनाते हैं – डॉ अनुज ठाकुर इस अवसर पर डॉ अनुज ठाकुर ने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से यह संदेश मिलता है कि खेल न केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम हैं, बल्कि अनुशासन, टीमवर्क और सकारात्मक ऊर्जा का भी आधार हैं। आज के जमाने में बच्चे मोबाइल टीवी और लैपटॉप में ही लगे रहते हैं और फिजिकल एक्टिविटी खेलकूद से दूर होते जा रहे हैं। जबकि खेलकूद हमें मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत और सशक्त बनाते हैं। खेलकूद प्रतियोगिताएं बच्चों को अपने शरीर के प्रति जागरुक करती है और शरीर को मजबूत बनाने की प्रेरणा भी देती हैं। दो दिनों तक चले खेल महोत्सव में ट्रैक और फील्ड की कई रोमांचक प्रतियोगिताएँ शामिल रहीं। खेल प्रतियोगिताओं में प्रमुख रूप से 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर और 800 मीटर दौड़ लंबी कूद एवं ऊँची कूद डिस्कस थ्रो एवं शॉट पुट बोरा दौड़, तीन-पैर दौड़, रस्सी कूद, जलेबी रेस अभिभावकों के लिए रस्सा-कस्सी और म्यूजिकल चेयर जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताओं के सभी आयोजन में बेहतरीन प्रदर्शन किया और शानदार खेल भावना का परिचय दिया। दो दिवसीय खेल महोत्सव का समापन एक भव्य समारोह के साथ हुआ, जहाँ प्रतिभागियों की उपलब्धियों का सम्मान किया गया। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में खिलाडिय़ों का जोश देखते ही बन रहा था। विजेताओं को गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज पदक प्रदान किए गए।
एकेडमिक ब्राइट पब्लिक स्कूल खरसिया में दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता आयोजित



