खरसिया। शहरवासियों को लंबे समय से यातायात की समस्या और रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम से मुक्ति दिलाने की दिशा में आज एक बड़ा कदम उठाया गया। नगरपालिका अध्यक्ष कमल गर्ग उपाध्यक्ष शपथ नारायण सोनी और पार्षदों की पूरी टीम ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर और नारियल फोडक़र बहुप्रतीक्षित रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण कार्य का औपचारिक शुभारंभ किया।
रेलवे लाइन के दूसरी तरफ बसे शीतला नगर तहसील कार्यालय स्कूलों और खरसिया नगर के मुख्य बाजार हॉस्पिटल के बीच आवाजाही करने वाले लोगों के लिए यह ओवरब्रिज किसी वरदान से कम नहीं होगा। वर्तमान में ट्रेन आने के समय फाटक बंद होने के कारण घंटों जाम की स्थिति बनी रहती थी, जिससे एंबुलेंस और स्कूली वाहनों को भी काफी परेशानी होती थी। इस अवसर पर उपस्थित नगरवासियों को संबोधित करते हुए नगरपालिका अध्यक्ष कमल गर्ग ने कहा- ‘शहर का विकास हमारी प्राथमिकता है। इस ओवरब्रिज की मांग जनता वर्षों से कर रही थी। आज इसका कार्य शुरू होना पूरे नगर के लिए हर्ष का विषय है। हमारा लक्ष्य है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण हो ताकि आम जनता को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।’ समय सीमा- निर्माण कार्य को अगले डेढ़ साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। रेलवे और ब्रिज शुभारंभ के अवसर पर अध्यक्ष कमल गर्ग, मंडल अध्यक्ष विजय शर्मा, उपाध्यक्ष अवध नारायण बंटी सोनी पार्षद गिरधारी गवेल, दीपक गोयल, राधे राठौर, रवि सहीस, साहिल शर्मा, दीपक अग्रवाल, छोटू महंत, ललित राठौर, विनोद सिदार, डॉ श्रवण श्रीवानी, सौरभ अग्रवाल, कैलाश शर्मा, हर्ष अग्रवाल, राहुल अग्रवाल, नीलेश ठाकुर, अन्य पार्षदगण, नगरपालिका के अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर रेलवे ओवरब्रिज के ठेकेदार चरन कुमार रेड्डी, इंजीनियर नितिन शर्मा, और स्थानीय गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। खरसिया नगर वासियों सहित आसपास के क्षेत्र वासियों ने इस पहल की सराहना की और छत्तीसगढ़ की विकासशील विष्णुदेव साय सरकार का आभार व्यक्त किया। ओवरब्रिज बनने से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि शहर के व्यापारिक क्षेत्र का भी विस्तार होगा।
नगर को मिली बड़ी सौगात, पालिकाध्यक्ष ने किया रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्य का शुभारंभ
शहर का विकास हमारी प्राथमिकता बहुत जल्द तैयार होगा ओवरब्रिज - कमल गर्ग



