रायपुर। प्रदेश में जल्द ही बीजेपी संगठन का विस्तार हो जाएगा। लंबे समय से रुकी नियुक्तियों का आदेश 10 अगस्त को संभावित माना जा रहा है। जानकारी ये भी है कि नए आदेश में भाजपा कुछ पदों को कम कर सकती है। अभी प्रदेश संगठन महामंत्री के 4 पद हैं, इसमें एक पद कम किया जा सकता है। आने वाले दिनों में ये 3 हो जाएंगे। इसके अलावा नए महामंत्री, महिला अध्यक्ष, भाजयुमो अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष और प्रकोष्ठ अध्यक्ष के पद पर नई नियुक्तियां होगी। संगठन में पद मिले इसलिए प्रदेश के नेताओं से लेकर राष्ट्रीय नेताओं और आरएसएस लॉबी तक एप्रोच लगाई गई है।
प्रदेश भाजपा संगठन में दो नए नेताओं को प्रदेश महामंत्री बनाए जाने की तैयारी है। मौजूदा महामंत्री संजय श्रीवास्तव नान अध्यक्ष और जगदीश रामू रोहरा को धमतरी नगर निगम महापौर बन गए हैं। जिससे अब ये पद खाली हैं। इन पदों पर अब नए चेहरे नियुक्त होंगे। महामंत्री की रेस में पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, पूर्व विधायक नवीन मार्कंडेय, पूर्व विधायक रजनीश सिंह और अखिलेश सोनी का नाम चल रहा है। वहीं गुलशन ऋ षि और अमरजीत दुआ को प्रदेश कार्य समिति में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया जा सकता है।
बीजेपी में नई नियुक्ति को लेकर संगठन ने पहले ही विचार कर लिया है। राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश कुछ दिन पहले प्रवास पर छत्तीसगढ़ आए थे। तब इस मुद्दे पर सीनियर नेताओं से चर्चा हो चुकी है। वहीं छत्तीसगढ़ से दिल्ली प्रवास पर गए अध्यक्ष किरण सिंहदेव से राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष से भी इस संबंध में निर्देश मिले हैं। संगठन में 6 प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त होंगे। इसमें दो महिला और 4 पुरुष पदाधिकारियों को नियुक्ति मिलेगी। प्रदेश उपाध्यक्ष के कुछ ही चेहरों में परिवर्तन होगा। उपाध्यक्ष के अलावा मीडिया प्रभारी का भी चेहरा बदलेगा। मीडिया प्रभारी बनने की रेस में हेमंत पाणिग्रही और अनुराग अग्रवाल का नाम सबसे आगे चल रहा है।
छत्तीसगढ़ बीजेपी पार्टी के मुद्दों को मीडिया में अपना पक्ष मजबूती से रखने के लिए प्रवक्ताओं की टीम भी बदलेगी। बताया जा रहा है इस बार प्रवक्ताओं की संख्या कम होगी और पार्टी की बातें स्पष्ट रूप से रखने में माहिर होंगे, उन्हीं को जिम्मेदारी दी जाएगी। वर्तमान में बीजेपी प्रवक्ता के रूप में 10 प्रवक्ता है, उनकी संख्या को कम किया जाएगा। भाजपा में 7 मोर्चों और 30 प्रकोष्ठों में भी मंडल व जिला स्तर पर नए अध्यक्षों की नियुक्ति बाकी है, क्योंकि मौजूदा पदाधिकारियों का कार्यकाल पूरा हो चुका है। इन इकाइयों में भी बदलाव की मांग उठ रही है और कार्यकर्ता नई नियुक्तियों की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी भी चर्चा में है। मौजूदा अध्यक्ष शालिनी राजपूत को सरकार द्वारा हस्तशिल्प विकास बोर्ड का प्रमुख नियुक्त किया गया है। ऐसे में अब इस पद पर किसी सक्रिय और प्रभावशाली महिला नेता को जिम्मेदारी सौंपे जाने की संभावनाएं बन रही हैं। भाजपा नेत्रियां भी इस पद को लेकर अपनी दावेदारी मजबूत कर रही हैं। भाजयुमो अध्यक्ष रवि भगत का हटना तय है। उनकी बयानबाजी इसका कारण बताई जा रही है। भाजयुमो अध्यक्ष बनने की रेस में जातिगत समीकरण की चर्चा है। ओबीसी या जनरल समुदाय से आने वाले युवा और तेज नेता को ये जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
अभिषेक-नवीन समेत 4 नेता महामंत्री पद की रेस में,
मूणत को मिल सकती है नई जिम्मेदारी



