बिलासपुर। बिलासपुर मंडल में 14 सितम्बर से 28 सितम्बर 2026 तक राजभाषा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक श्री राकेश रंजन के मार्गदर्शन एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) एवं अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी के कुशल नेतृत्व में इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच राजभाषा के प्रचार एवं प्रसार हेतु राजभाषा विभाग द्वारा विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही है। इसी क्रम में आज दिनांक 23 सितम्बर 2026 को मंडल सभाकक्ष में राष्ट्र कवि रामधारी सिंह दिनकर जी की जयंती एवं राजभाषा संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा), श्री जमना शंकर मीना, प्रभारी राजभाषा अधिकारी एवं सहायक कार्मिक अधिकारी श्री भास्कर गृह एवं विभिन्न विभाग के कर्मचारी उपस्थित थे।
कार्यक्रम के अध्यक्ष अपर मंडल रेल प्रबंधक ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। तत्पश्चात दिनकर जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण किया गया। उपस्थित कर्मचारियों ने भी श्रद्धा सुमन अर्पित किए। रामधारी सिंह दिनकर की जीवनी एवं साहित्यिक उपलब्धियों को पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। श्रीमती सरस्वती साहू, कार्यालय सहायक ने दिनकर जी की कविता का काव्य पाठ किया एवं उपस्थित कर्मचारियों द्वारा दिनकर जी की जीवनी पर प्रकाश डाला गया।
अपर मंडल रेल प्रबंधक ने अपने संबोधन में कहा कि आज का दिन केवल महान कवि को स्मरण करते का नहीं है, बल्कि उनके साहित्य एवं विचारों और राष्ट्रप्रेम से प्रेरणा लेने का अवसर है। उनकी रचनाओं में भारतीय संस्कृति की गहरी जड़ें दिखाई देती है तो दूसरी ओर अन्याय, शोषण और असामनता के विरुद्ध आवाज भी सुनाई देती है। उन्होंने उपस्थित कर्मचारियों से कहा कि आप सभी राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार में सक्रिय योगदान दें और राजभाषा विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लें।
मंडल में दिनकर जयंती एवं राजभाषा संगोष्ठी सम्पन्न



