रायगढ़. शहर के रामभांठा स्थित संत माईकेल अंग्रेजी माध्यम स्कूल के निर्माणाधीन भवन से हुई चोरी का कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों और चोरी का माल खरीदने वाले दो कबाडियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन विधि से संघर्षरत अपचारी बालक भी शामिल हैं। सभी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार स्कूल प्रबंधन की ओर से रोमानुस कुजूर ने 24 जुलाई को कोतवाली थाना में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि 18 जुलाई को विद्यालय बंद करने के बाद 20 जुलाई की सुबह जब विद्यालय खोला गया तो निर्माणाधीन भवन के ताले टूटे मिले और उसके अंदर रखे वायरिंग वायर, प्लम्बिंग सामग्री, पेंट, पेंट की बाल्टियां, तडि़त चालक सहित अन्य सामग्री गायब थे, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख रुपए थी। इस पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज जांच शुरू किया। इस दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर एक नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ किया तो उसने अपने साथी राहिल एक्का तथा दो अन्य अपचारी बालकों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए नए बिजली के तारों को सुनसान स्थान पर जलाकर उनमें से तांबा निकाला और अनुज टंडन एवं विजय बंजारे की मदद से स्कूटी में ले जाकर कबाड़ी आशिक रब्बानी और प्रकाश चौहान को बेच दिया। जिससे पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
इस कार्रवाई में पुलिस ने अपचारी बालक पर भी कार्रवाई करते हुए उसके कब्जे से तीन नग तडि़त चालक, आरोपी राहिल एक्का पिता सुनील एक्का (19 वर्ष) निवासी जवाहरनगर रामभाठा से तार बिक्री के बाद बची राशि 150 रुपए जब्त किया है। साथ ही विजय बंजारे, पिता दिलीराम बंजारे, 45 वर्ष, निवासी जय स्तंभ, रामभांठा से चोरी में प्रयुक्त स्कूटी, कबाड़ी आशिक रब्बानी, पिता निजामुद्दीन रंगरेज, 44 वर्ष, निवासी दानीपारा से 6 किलोग्राम जला हुआ बिजली तार तथा कबाड़ी प्रकाश चौहान पिता मोती चौहान 31 वर्ष, निवासी इंदिरानगर, गंगाराम तालाब के कब्जे से पांच किलो जला हुआ बिजली तार बरामद किया गया है। इसके साथ ही आरोपी अनुज टंडन, पिता धुमराम टंडन 41 वर्ष, निवासी रामभांठा के साथ तीन विधि से संघर्षरत अपचारी बालक पर भी कार्रवाई की गई है।



