रायगढ़। जिले में अदाणी पावर प्लांट में मजदूरों ने हल्ला बोल दिया है। सोमवार सुबह से ही पुसौर के बड़े भंडार में अदाणी पावर प्लांट में काम करने वाले कर्मियों और श्रमिकों ने प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। अपनी मांगों को लेकर बड़ी संख्या में कर्मचारी प्लांट के मुख्य द्वार पर जमा हुए और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का मुख्य आरोप है कि उनसे ओवरटाइम काम कराया जा रहा है, लेकिन उसका भुगतान नहीं किया जा रहा।
कर्मियों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों से उन्हें समय पर वेतन भी नहीं मिल रहा है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। आरोप है कि मैनेजमेंट द्वारा तय घंटों से ज्यादा काम लिया जाता है, लेकिन श्ओवरटाइम अलाउंसश् के नाम पर कुछ नहीं दिया जा रहा। 12 से 14 घंटे तक काम लिया जा रहा है। कुछ श्रमिकों ने कार्यस्थल पर सुविधाओं की कमी और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की बात भी कही है। बड़े भंडार स्थित प्लांट में हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे ताकि स्थिति को नियंत्रित किया। एसडीएम महेश शर्मा ने प्लांट प्रबंधन और कर्मियों की आमने सामने की बात कराई। प्रबंधन द्वारा समय पर वेतन देने की बात सुनकर सैकड़ों श्रमिकों ने वहीं शोर मचाना शुरू कर दिया। प्रशासन द्वारा 25 मार्च तक कंपनी को विवाद को शांत करने की बात पर श्रमिक माने और अपना आंदोलन समाप्त किया। फिलहाल, अदाणी पावर के स्थानीय प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, हालांकि सूत्रों का कहना है कि ठेकेदारों और श्रमिकों के बीच संवाद स्थापित कर मामले को सुलझाने की कोशिश की जा रही है। वहीं श्रमिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनके बकाया वेतन का भुगतान और ओवरटाइम की समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जा सकते हैं। इससे प्लांट के संचालन पर सीधा असर पडऩे की संभावना है।
अदाणी पावर प्लांट में श्रमिकों का भारी विरोध
ओवरटाइम व बकाया वेतन को लेकर हंगामा



