नारायणपुर। जिला जशपुर के विकासखण्ड कुनकुरी अंतर्गत मुख्यमंत्री ग्राम सडक़ योजना एवं प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत निर्मित एवं संधारित सडक़ों की गुणवत्ता जांच हेतु राज्य गुणवत्ता समीक्षक एवं मुख्य अभियंता श्री हरिओम शर्मा द्वारा दिनांक 08 फरवरी को सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि सडक़ निर्माण एवं संधारण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता अथवा गुणवत्ता से समझौता कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना अंतर्गत विकासखण्ड कुनकुरी की विभिन्न सडक़ों का निरीक्षण करते हुए मुख्य अभियंता ने टी-02 बनकोम्बो से कुनकुरी मार्ग (लम्बाई 10.53 कि.मी.), बनकोम्बो-कुनकुरी मार्ग से गडाबहार (लम्बाई 8.00 कि.मी.), बेने से नारायणपुर (लम्बाई 11.15 कि.मी.) तथा अम्बाचुआं से कुडूकेला (लम्बाई 2.60 कि.मी.) के संधारण कार्यों का बारीकी से अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान सडक़ों की बी.टी. सतह को अच्छी स्थिति में पाया गया, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि संरचनात्मक रूप से सडक़ें सुरक्षित हैं। हालांकि, सडक़ किनारे झाड़ी सफाई एवं पेटिंग के कार्यों में लापरवाही सामने आई। इस पर मुख्य अभियंता श्री शर्मा ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अभियंताओं को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि संबंधित ठेकेदार द्वारा यदि पाई गई कमियों को 07 दिवस के भीतर दूर नहीं किया गया, तो अनुबंध की शर्तों के अनुसार संधारण अवधि को 6 माह आगे बढ़ाने की कार्यवाही की जाएगी। साथ ही, भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर और भी कठोर कदम उठाए जाएंगे।
मुख्य अभियंता ने मौके पर उपस्थित सभी अभियंताओं को निर्देशित किया कि संधारण कार्य निर्धारित तकनीकी मापदण्डों एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से कराए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना की सडक़ों का सीधा संबंध ग्रामीण जनता की दैनिक आवाजाही, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आजीविका से है, इसलिए किसी भी स्तर पर कोताही स्वीकार्य नहीं होगी। राज्य शासन की ओर से भी यह स्पष्ट किया गया है कि निर्माण एवं संधारण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता अथवा गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित ठेकेदारों एवं अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक एवं कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
इसी क्रम में विकासखण्ड दुलदुला अंतर्गत जामपानी से दुलदुला सडक़ नवीनीकरण कार्य (लम्बाई 17.22 कि.मी.) का भी निरीक्षण किया गया। इस सडक़ की बी.टी. सतह को संतोषजनक पाया गया, वहीं सडक़ के शोल्डर में वाटरिंग एवं रोलिंग कार्य तथा पुल-पुलियों के समीप मानक अनुसार सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों एवं ठेकेदारों को जिले में संचालित सभी संधारण कार्यों को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, ताकि आम जनता को प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना की सडक़ों पर आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता, प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना अंबिकापुर कार्यालय के कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता, उप अभियंता एवं संबंधित ठेकेदार उपस्थित रहे।
निर्माण एवं संधारण कार्यों में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं
सडक़ों के निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता हरिओम शर्मा की सख्त चेतावनी



