रायगढ़। जिले में अवैध उत्खनन और खनिज परिवहन चल रहा है। वन विभाग की उडऩदस्ता टीम ने बोल्डर पत्थरों से भरे दो ट्रैक्टरों को अवैध परिवहन करते पकड़ा है। दोनों वाहनों को जब्त कर ड्राइवरों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
रायगढ़ वन मंडलाधिकारी को शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि, अवैध बोल्डर पत्थर का परिवहन किया जाएगा। सूचना मिलते ही उडऩदस्ता और वनकर्मियों की संयुक्त टीम गठित कर छातामुड़ा चौक के पास जांच शुरू की गई। जांच के दौरान दो संदिग्ध ट्रैक्टर आते दिखाई दिए। टीम ने उन्हें रोककर तलाशी ली तो दोनों में बड़ी मात्रा में बोल्डर पत्थर लोड मिला। ड्राइवरों से रॉयल्टी पर्ची और वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई कागजात पेश नहीं कर सके। पूछताछ में चालकों ने अपने नाम कन्हैया सारथी (20) निवासी बोतल्दा और नीरज कुमार कंवर (35) बताए। दोनों ट्रैक्टरों को जब्त कर बेलादुला फॉरेस्ट डिपो लाया गया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि ये बोल्डर पत्थर खरसिया वन सीमा से अवैध रूप से निकाले गए हो सकते हैं। वन विभाग इस एंगल से भी जांच कर रहा है।
वन अधिनियम के तहत अपराध दर्ज
उडऩदस्ता टीम ने दोनों चालकों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम के तहत पीओआर (प्रॉसिक्यूशन ऑफेंस रिपोर्ट) दर्ज कर ली है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
रेंजर बोले- लगातार चल रही निगरानी
रेंजर संजय लकड़ा ने बताया कि, रात गश्त और मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। वन भूमि से अवैध उत्खनन रोकने के लिए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है और पूछताछ की जा रही है कि पत्थर कहां सप्लाई किए जाने थे।
बोल्डर से भरे 2 ट्रैक्टर जब्त° अवैध उत्खनन पर उडऩदस्ता ने की कार्रवाई
खपाने से पहले पकड़ाए, ड्राइवरों पर केस दर्ज



