सारंगढ़। प्रदेश के वित्तमंत्री श्री ओपी चौधरी ने बुधवार को देशव्यापी सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा हेतु कलेक्टरों एवं जिला नोडल अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक ली। उन्होंने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए दिशा- निर्देश दिए और कहा कि इसे जनभागीदारी से जनसेवा का व्यापक अभियान बनाया जाए। वित्त मंत्री श्री चौधरी ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की तैयारियों की जानकारी ली। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। जिला पंचायत सीईओ श्री ऋषिकेश तिवारी को जिला नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है तथा संबंधित विभागों के नोडल अधिकारियों को दायित्व सौंप दिए गए हैं।
कलेक्टर ने बताया कि अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए माइक्रो प्लान तैयार कर लिया गया है। ग्राम, वार्ड से लेकर विकासखंड और जिला स्तर तक की गतिविधियों के लिए विभागवार जिम्मेदारियां तय की जा रही हैं। वित्तमंत्री ने कहा कि शासन की योजनाओं के लाभार्थियों, विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं व आम नागरिकों को व्यापक रूप से जोड़ा जाए। यह विकसित भारत ञ्च 2047 के संकल्प को मजबूत करने अवसर है। बैठक के बाद कलेक्टर ने अधिकारियों को माइक्रो प्लान के अनुरूप समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।इस वर्चुअल बैठक में एसपी सुनील शर्मा, सीईओ जिपं ऋषि केश तिवारी, डिप्टी कलेक्टर वर्षा बंसल सहित शिक्षा, महिला बाल विकास, जनसंपर्क व अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने ली वर्चुअल बैठक, सेवा संकल्प अभियान को लेकर दिए निर्देश



