रायपुर। रायपुर-बलौदाबाजार मुख्य मार्ग पर मंगलवार सुबह भीषण सडक़ हादसा हो गया। खरोरा थाना क्षेत्र के मंगोली चौक के पास ट्रक और क्रेटा कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में क्रेटा सवार एक युवक की मौत हो गई। जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए हैं। मृतक की पहचान शिवम साहू के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, क्रेटा कार (सीजी-04 क्यूएच-6732) में ओमप्रकाश साहू, संजय साहू, शिवम साहू और रामेश्वर केंवट सवार थे। सभी भटगांव से रायपुर की ओर जा रहे थे। मंगलवार सुबह मंगोली चौक के पास उनकी कार की ट्रक (यूपी-32 जेएन-2667) से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि क्रेटा कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार चारों लोगों को चोटें आईं। शिवम साहू की हालत गंभीर बताई गई थी। बाद में उसकी मौत होने की सूचना मिली। हालांकि, पुलिस ने शव और मौत की स्थिति की चिकित्सकीय पुष्टि की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
हादसे की सूचना मिलने के बाद डीपीसीआर कंट्रोल रायपुर से खरोरा पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए श्रीकृष्णा अस्पताल, खरोरा भेजा। पुलिस ने घटनास्थल पर यातायात व्यवस्था भी संभाली। फिलहाल मार्ग पर आवागमन सामान्य बताया जा रहा है। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटा रही है। फरार चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
रायपुर-बलौदाबाजार हाईवे पर ट्रक से भिड़ी क्रेटा
सडक़ हादसे में युवक की मौत, 3 घायल



