रायगढ़़। शहर में भारत फाइनेंस कंपनी के साथ कंपनी के ही कलेक्शन एजेंट ने धोखाधड़ी की। ग्राहकों से वसूली कर कंपनी में जमा की जाने वाली 7 लाख 58 हजार 937 रुपए की राशि उसने जमा नहीं की और बाद में कार्यालय आना भी बंद कर दिया। मामले की जानकारी मिलने के बाद ब्रांच मैनेजर ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, महासमुंद जिले के ग्राम जोगीपाली निवासी वासुदास मानिकपुरी (35) भारत फाइनेंस कंपनी की रायगढ़ शाखा में ब्रांच मैनेजर के पद पर पदस्थ है। वहीं, सक्ती जिले के ग्राम अमेराडीह निवासी विक्रम सिंह सिदार (20) कंपनी में कलेक्शन एजेंट के रूप में काम करता था। कलेक्शन एजेंट का काम कंपनी के ग्राहकों से किस्त की राशि वसूल कर उसे शाखा में जमा करना था। आरोप है कि 1 दिसंबर 2023 से 31 अगस्त 2024 के बीच विक्रम ने कंपनी के 40 ग्राहकों से कुल 7 लाख 58 हजार 937 रुपए वसूले, लेकिन यह राशि कंपनी की शाखा में जमा नहीं की। आरोप है कि उसने राशि का गबन कर दिया और इसके बाद कार्यालय आना बंद कर दिया।
दो साल बाद सामने आया मामला
कंपनी के हिसाब-किताब में गड़बड़ी मिलने के बाद करीब दो साल बाद मामले की जानकारी सामने आई। इसके बाद ब्रांच मैनेजर वासुदास मानिकपुरी ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। ब्रांच मैनेजर की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी विक्रम सिंह सिदार के खिलाफ धारा 316(5) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।



