खरसिया। कैलाश शर्मा। नगर पालिका परिषद खरसिया के सभा कक्ष में प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्व विद्यालय खरसिया के मेडिकल विंग तथा राजयोग एजुकेशन एंड रिसर्च फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में नशा मुक्त भारत अभियान एवं मिशन स्पंदन के अंतर्गत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विकसित भारत की ओर एक सशक्त कदम विषय पर आधारित यह नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान संस्थान की पूर्व मुख्य प्रशासिका दादी प्रकाशमणि जी की पावन स्मृति में आयोजित किया गया। 6 अगस्त से 20 अगस्त 2026 तक संचालित इस पखवाड़े व्यापी अभियान के माध्यम से समाज को नशे के गंभीर दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि एक स्वस्थ, सशक्त और व्यसनमुक्त समाज का निर्माण हो सके। नशामुक्त भारत का सामूहिक संकल्प कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह और अतिथियों ने एक स्वर में व्यसन मुक्त जीवन जीने और दूसरों को इसके लिए प्रेरित करने की शपथ ली। नैतिक व आध्यात्मिक सशक्तिकरण ब्रह्माकुमारीज़ की बहनों और वक्ताओं ने बताया कि केवल कानून ही नहीं, बल्कि राजयोग और आध्यात्मिक सशक्तिकरण के माध्यम से ही नशा मुक्ति को जन-आंदोलन बनाया जा सकता है। स्वस्थ समाज ही विकसित भारत की नींव मिशन स्पंदन के तहत युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने पर विशेष बल दिया गया।
स्वस्थ जीवन अपनाएं एक नशामुक्त व सशक्त भारत के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान दें : कमल गर्ग
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग ने कहा नशा किसी एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को दीमक की तरह चाट जाता है। आइए, आज हम सभी मिलकर यह दृढ़ संकल्प लें नशे को ना कहेंगे, स्वस्थ जीवन अपनाएंगे और एक नशामुक्त व सशक्त भारत के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान देंगे। अभियान का प्रभाव इस अवसर पर नगर पालिका के पार्षदों, गणमान्य नागरिकों, प्रबुद्धजनों और ब्रह्माकुमारीज़ परिवार के सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही। 20 अगस्त तक चलने वाले इस महाअभियान के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम, परामर्श और प्रतिज्ञा सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, जिसे स्थानीय जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है।
ब्रह्माकुमारीज का नशा मुक्ति महाअभियान : नशामुक्त भारत के निर्माण का लिया संकल्प
नशे को ना कहेंगे, स्वस्थ जीवन अपनाएंगे : कमल गर्ग



