रायगढ़। अग्र समाज द्वारा महाराजा श्री अग्रसेन जी की 5150वीं जयंती को भव्य एवं उत्साहपूर्ण तरीके से मनाने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी क्रम में बुधवार को स्थानीय अग्रोहा भवन में अग्र समाज की महिलाओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सैकड़ों की संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बैठक में जयंती समारोह को और अधिक आकर्षक एवं यादगार बनाने के लिए महिलाओं ने विभिन्न नए कार्यक्रमों, खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को शामिल करने के सुझाव दिए। साथ ही युवा पीढ़ी को जयंती समारोह से जोडऩे पर विशेष जोर दिया गया। प्राप्त सुझावों के आधार पर इस वर्ष कई नए कार्यक्रमों को जयंती समारोह में शामिल किया जा रहा है। महिलाओं की अगली बैठक 25 अगस्त को रखी गई है।
बैठक में बताया गया कि महाराजा श्री अग्रसेन जी की 5150वीं जयंती के अवसर पर 1 अक्टूबर से 11 अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जयंती समारोह का शुभारंभ 1 अक्टूबर को क्रिकेट टूर्नामेंट के साथ होगा। वहीं समाज के उन दंपतियों की गोल्डन जुबली भी मनाई जाएगी, जिन्होंने अपने वैवाहिक जीवन के 50 वर्ष पूर्ण किए हैं। कार्यक्रमों की रूपरेखा के अनुसार 1 से 6 अक्टूबर तक विभिन्न आउटडोर कार्यक्रम होंगे। 6 अक्टूबर से स्थानीय अग्रोहा भवन में अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी दिन से अग्रोहा भवन में महाराजा श्री अग्रसेन जी की सुबह-शाम भव्य आरती का आयोजन भी किया जाएगा। इस वर्ष महाराजा जी की आरती को विशेष रूप से और अधिक आकर्षक एवं भव्य स्वरूप दिया गया है। वहीं 8 से 10 अक्टूबर तक ऑडिटोरियम में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
जयंती समारोह का मुख्य आकर्षण 11 अक्टूबर को महाराजा श्री अग्रसेन जी की भव्य नगर शोभायात्रा होगी। बैठक में निर्णय लिया गया कि अग्र समाज द्वारा संचालित सभी संस्थाओं को शोभायात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाएगा, ताकि समाज की एकजुटता के साथ शोभायात्रा को ऐतिहासिक एवं भव्य स्वरूप दिया जा सके। महिलाओं की बैठक में जयंती को लेकर दिखाई दिया उत्साह इस बात का संकेत है कि इस वर्ष महाराजा श्री अग्रसेन जयंती समारोह में समाज की सक्रिय भागीदारी के साथ अनेक नए और आकर्षक कार्यक्रम देखने को मिलेंगे। आयोजकों द्वारा जयंती समारोह को सफल एवं यादगार बनाने के लिए तैयारियों को लगातार गति दी जा रही है।
अग्रसेन जयंती को लेकर अग्र समाज की महिलाओं की हुई बैठक
जयंती के भव्य एवं वृहद आयोजन की तैयारियां तेज



