रायगढ़। रोटरी क्लब ऑफ रायगढ़ स्टील सिटी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर माँ काली एलॉयज प्राइवेट लिमिटेड, गेरवानी रायगढ़ परिसर में देशभक्ति, पर्यावरण संरक्षण एवं भारतीय संस्कृति को समर्पित एक भव्य एवं यादगार समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वतंत्रता दिवस समारोह, वृक्षारोपण एवं तीज उत्सव को एक साथ मनाया गया, जिसमें रोटेरियंस के साथ उनके परिवारों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजेंद्र पोद्दार, डायरेक्टर, महाकाली एलॉयज प्राइवेट लिमिटेड रहे। उनके द्वारा गरिमापूर्ण वातावरण में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया, जिसके पश्चात उपस्थित सभी सदस्यों ने राष्ट्रगान के साथ देश के वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। स्वतंत्रता दिवस के इस अवसर पर सेना के जवानों द्वारा शानदार मार्च-पास्ट एवं अनुशासित स्टेप सीक्वेंस प्रस्तुत किया गया। जवानों की शानदार प्रस्तुति ने पूरे वातावरण में देशभक्ति का जोश भर दिया और उपस्थित सभी लोगों ने तालियों की गडग़ड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।
वृक्षारोपण से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
स्वतंत्रता दिवस समारोह के पश्चात वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। रोटेरियंस एवं उनके परिवारों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर यह संकल्प लिया गया कि प्रकृति की रक्षा करना और आने वाली पीढिय़ों के लिए स्वच्छ एवं हरा-भरा वातावरण तैयार करना समाज के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
तीज समारोह में दिखी भारतीय संस्कृति की खूबसूरती
कार्यक्रम का तीसरा और बेहद आकर्षक हिस्सा तीज समारोह रहा। महिलाओं ने पारंपरिक उत्साह एवं उमंग के साथ तीज पर्व का आनंद लिया। झूले, संगीत, फोटोग्राफी एवं सेल्फी ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
महिलाओं के साथ-साथ बच्चों ने भी खूब आनंद लिया और झूलों एवं मनोरंजन की गतिविधियों में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। पूरे परिसर में हंसी-खुशी और उत्साह का माहौल बना रहा। रोटरी परिवार के सदस्यों ने एक-दूसरे के साथ मिलकर इस अवसर को पारिवारिक उत्सव के रूप में मनाया। कार्यक्रम में स्वादिष्ट प्रात: जलपान एवं भोजन की भी शानदार व्यवस्था की गई थी, जिसकी सभी उपस्थित सदस्यों ने सराहना की। बेहतरीन व्यवस्थाओं और आत्मीय आतिथ्य ने पूरे आयोजन को और भी यादगार बना दिया।
रोटरी भावना के साथ मनाया गया विशेष आयोजन
इस अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ रायगढ़ स्टील सिटी के अध्यक्ष रोटेरियन अनूप अग्रवाल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों की याद दिलाता है। वृक्षारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश और तीज समारोह के माध्यम से हमारी समृद्ध भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं को आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि तीनों आयोजनों को एक साथ मनाने का उद्देश्य देशभक्ति, पर्यावरण और संस्कृति को एक ही मंच पर जोडऩा था।
क्लब के सचिव रोटेरियन विनय केडिया ने कार्यक्रम की सफलता पर सभी रोटेरियंस एवं उनके परिवारों, मुख्य अतिथि राजेंद्र पोद्दार तथा महाकाली एलॉयज प्राइवेट लिमिटेड की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी सदस्यों की सक्रिय सहभागिता, सहयोग और उत्साह ने इस आयोजन को वास्तव में विशेष और यादगार बना दिया। उन्होंने कहा कि रोटरी केवल सेवा कार्यों तक सीमित संस्था नहीं है, बल्कि समाज को जोडऩे, पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने, भारतीय संस्कृति को प्रोत्साहित करने और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने के लिए भी निरंतर कार्य करती है। पूरे आयोजन में देशभक्ति का जोश, पर्यावरण संरक्षण का संकल्प, तीज की उमंग और रोटरी परिवार का अपनापन देखने को मिला। ध्वजारोहण से लेकर वृक्षारोपण और तीज उत्सव तक हर क्षण ने इस समारोह को एक यादगार पारिवारिक एवं सामाजिक आयोजन बना दिया। वहीं कार्यक्रम को सफल बनाने में रोटरी क्लब ऑफ रायगढ़ स्टील सिटी के सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।



