रायगढ़। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा माय भारत के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को देशव्यापी नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान का शुभारंभ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने ऑनलाइन माध्यम से देशभर के युवाओं को संबोधित करते हुए किया। उन्होंने युवाओं से नशे के खिलाफ जनआंदोलन खड़ा करने, स्वयं नशे से दूर रहने तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री के संबोधन का प्रसारण विभिन्न शिक्षण संस्थानों में भी देखा और सुना गया। इस दौरान छात्रों ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया तथा समाज में जागरूकता फैलाने का वचन भी दिया।
प्रधानमंत्री के आह्वान के क्रम में कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशन तथा जिला शिक्षा अधिकारी श्री श्यामानंद साहू के मार्गदर्शन में पुसौर विकासखंड के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में विशेष शपथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री भुवनेश्वर पटेल के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा समाज को जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। शपथ के दौरान विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करेंगे, अपने परिवार, रिश्तेदारों, मित्रों एवं समाज के लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराएंगे तथा स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे। विद्यालयों में शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक नुकसान की विस्तार से जानकारी दी।
100 सप्ताह तक चलेगा अभियान, विद्यार्थी बनेंगे नशा मुक्ति के जागरूकता दूत
विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान को आगामी 100 सप्ताह तक लगातार चलाने का आह्वान किया है। इस अवधि में देशभर में विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियां, शपथ कार्यक्रम, रैलियां, संवाद, प्रतियोगिताएं और सामुदायिक अभियान आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखा जा सके और स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण का लक्ष्य प्राप्त किया जा सके। इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए पुसौर विकासखंड के सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों को नशा मुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई। शिक्षकों ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने घरों और गांवों में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाएं तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। विद्यालयों में आयोजित यह अभियान विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
पुसौर के स्कूलों में गूंजा नशा मुक्ति का संकल्प
छात्रों ने विकसित भारत निर्माण की ली शपथ



