रायगढ़. जिले में विगत सप्ताहभर से कभी तेज तो कभी हल्की बारिश हो रही है। जिससे जहां अधिकतम तापमान में गिरावट आने से गर्मी व उमस से काफी हद तक राहत मिली है। वहीं बंगाल की खाड़ी में लगातार मानसूनी द्रोणिका सक्रिय होने के कारण जिले के लिए अलर्ट जारी हो रहा है। ऐसे में शनिवार देर रात तक जिले के कुछ स्थानों पर हल्की से तेज वर्षा होने की संभावना है।
उल्लेखनीय है कि इन दिनों उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे तटीय पश्चिम बंगाल के ऊपर एक निम्न दाब का क्षेत्र सक्रिय है। यह मौसमी तंत्र ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण के साथ 9.4 किलोमीटर ऊंचाई तक बना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, यह निम्न दाब क्षेत्र अगले दो-तीन दिनों तक इसी स्थान पर बने रहकर और अधिक प्रबल होने की संभावना है। जिससे क्षेत्र में मानसूनी गतिविधियों में वृद्धि होगी। वर्तमान में मानसून द्रोणिका जैसलमेर से होते हुए दक्षिण पश्चिम राजस्थान, शिवपुरी, दतिया, सीधी, डाल्टनगंज और उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी में स्थित निम्न दाब के केंद्र से गुजरकर उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी तक, 1.5 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके अतिरिक्त, 24 डिग्री उत्तर में 3.1 किमी से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक एक ऊपरी हवा का पूरब पश्चिम शियर जोन भी सक्रिय है, जो पूरे मौसमी तंत्र को प्रभावित कर रहा है। इन मौसमी परिस्थितियों के चलते प्रदेश में रविवार को अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छीटें पडऩे की प्रबल संभावना है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि जिले के एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ वज्रपात होने तथा भारी से अति भारी वर्षा होने की भी संभावना है।
इन जिलों के लिए अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने आरेंज अलर्ट जारी करते हुए बताया है कि बिलासपुर, मुंगेली, कबीरधाम, जांजगीर-चांपा, कोरबा, रायगढ़, जशपुर जिला में शनिवार को देर रात तक तेज अंधड़ के साथ भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके साथ ही प्रदेश के कई जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी भी जारी किया है।



