रायगढ। जिले में पुलिस ने अवैध स्क्रैप से भरे टाटा माजदा वाहन को पकड़ा है। पुलिस को देखकर चालक वाहन लेकर भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वाहन से 4.5 टन लोहा-टीन स्क्रैप बरामद हुआ। पुलिस ने स्क्रैप और वाहन समेत करीब 15.50 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की है। मामला घरघोड़ा थाना क्षेत्र का है।
पुलिस की टीम घरघोड़ा बाईपास के पास रात में गश्त कर रही थी। इस दौरान संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। तभी पुलिस ने एक टाटा माजदा वाहन को रोकने का प्रयास किया। चालक पुलिस से बचने के लिए वाहन समेत भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर घेराबंदी की और वाहन को पकड़ लिया। वाहन की तलाशी लेने पर उसके पीछे डाला में बड़ी मात्रा में लोहा-टीन स्क्रैप लोड मिला। चालक से वाहन और स्क्रैप से जुड़े दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह लगातार टालमटोल करता रहा।
पुलिस वाहन को थाने लेकर पहुंची और चालक को दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा। इसके बावजूद वह कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। पूछताछ में उसने बताया कि स्क्रैप को अवैध रूप से परिवहन कर बिक्री के उद्देश्य से घरघोड़ा की ओर ले जा रहा था। पुलिस ने जांच के बाद वाहन में करीब 1.50 लाख रुपए कीमत का 4.5 टन लोहा-टीन स्क्रैप बरामद किया। वाहन की कीमत समेत कुल 15.50 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की गई।
आरोपी चालक की पहचान पुरुषोत्तम एक्का (42), निवासी वार्ड नंबर-7, इंदिरानगर रायगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ बीएनएस की धारा के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
साढ़े चार टन अवैध कबाड़ से भरी टाटा माजदा पकड़ाई, 15.50 लाख की संपत्ति जब्त



