जशपुरनगर। जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रघुनाथपुर के टुकूपखना गांव में जमीन विवाद को लेकर धान रोपाई के दौरान दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। पीडि़त पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने 10 आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और एससी-एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता संजय बड़ा के अनुसार, 17 जुलाई की सुबह उनका परिवार पैतृक खेत में धान की रोपाई कर रहा था। इसी दौरान आरोपी कुदाल, लाठी और अन्य हथियार लेकर खेत में घुस आए। आरोप है कि उन्होंने जातिसूचक गालियां देते हुए परिवार को खेत से खदेड़ा और दो ट्रैक्टरों से धान की फसल रौंदकर नुकसान पहुंचाया। पीडि़त पक्ष का आरोप है कि विरोध करने पर संजय बड़ा की मां मिलो बाई के साथ मारपीट कर उन्हें धक्का देकर गिरा दिया गया। बीच-बचाव करने पहुंची उनकी बहन के साथ छेड़छाड़ की गई, उसे घसीटने का प्रयास किया गया और दुष्कर्म व जान से मारने की धमकी दी गई।
पुलिस ने भगवानों यादव, प्रेमचंद, नरेंद्र यादव, पदमन, दिलबंधु, जगबंधु, नवीन यादव, बिछी यादव, दसई यादव और ग्राम सरपंच गरीब साय के खिलाफ बीएनएस की धाराएं 189, 191, 329, 324, 115, 74, 351(2), 351(3) तथा एससी-एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराएं 3(1)(द्घ), 3(1)(2)(द्ब), 3(1)(द) एवं 3(1)(घ) के तहत अपराध क्रमांक 02/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई है। दूसरे पक्ष के भगवानों यादव ने सभी आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि विवादित भूमि राजस्व रिकॉर्ड में उनके पक्ष के नाम दर्ज है और दूसरा पक्ष लंबे समय से उस पर दावा कर रहा है। वहीं सरपंच गरीब साय ने कहा कि उनके सामने केवल महिलाओं के बीच गाली-गलौज और झूमाझटकी हुई थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पटनवार ने बताया कि धान रोपाई के दौरान हुए विवाद में 10 लोगों के खिलाफ बीएनएस और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस सबूतों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई करेगी।
जमीन विवाद पर धान रोपाई के दौरान हिंसक-झड़प
महिलाओं से मारपीट, छेड़छाड़ और जातिसूचक गाली-गलौज का आरोप



