रायगढ़। चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए रायगढ़ के सुप्रसिद्ध समाजसेवी एवं संजीवनी नर्सिंग होम के डायरेक्टर रोटेरियन पुरुषोत्तम अग्रवाल संजीवनी को धन्वन्तरि अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह गरिमामय सम्मान समारोह आईबीसी 24 द्वारा विगत 18 जुलाई को रायपुर के बेबीलोन इंटरनेशनल होटल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल एवं विशेष अतिथि के रूप में बॉलीवुड अभिनेत्री हुमा कुरैशी सहित प्रदेश के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। वहीं स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल एवं अभिनेत्री हुमा कुरैशी ने रोटेरियन पुरुषोत्तम अग्रवाल को पिछले 21 वर्षों से चिकित्सा एवं समाज सेवा में दिए गए अतुलनीय योगदान के लिए स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया। यह सम्मान बाबूजी के आशीर्वाद का प्रतिफल है -सम्मान प्राप्त करने के बाद भावुक होते हुए रोटेरियन पुरुषोत्तम अग्रवाल संजीवनी ने कहा यह सम्मान मेरे पूज्य पिताजी ब्रम्हलीन सेठ मातुराम अग्रवाल के आशीर्वाद का प्रतिफल है। उन्होंने अपना पूरा जीवन जरूरतमंदों की सेवा में समर्पित कर दिया।
उन्हीं से हमें समाज सेवा की प्रेरणा मिली है। आज हम परिवार के सभी सदस्य उनके बताए मार्ग पर चलकर हर संभव सेवा कार्य करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए आईबीसी 24, स्वास्थ्य विभाग एवं सभी शुभचिंतकों का हृदय से आभार व्यक्त किया। वहीं रोटेरियन पुरुषोत्तम अग्रवाल को धन्वन्तरि अवार्ड मिलने से पूरे शहर एवं जिले में हर्ष का माहौल है। सामाजिक एवं चिकित्सा जगत से जुड़े लोगों से उन्हें अनंत बधाईयाँ एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ मिल रही है।
रोटेरियन पुरुषोत्तम अग्रवाल संजीवनी को मिला प्रतिष्ठित धन्वन्तरि अवार्ड
21 वर्षों की निस्वार्थ चिकित्सा सेवा के लिए स्वास्थ्य मंत्री एवं हुमा कुरैशी के हाथों हुए सम्मानित



