रायगढ़। देश की सबसे वृहद सामाजिक सतत सक्रिय संस्थाअखिल भारतीयअग्रवाल संगठन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक विगत दिनों इंदौर में हुई। जानकारी देते हुए प्रांतीय उपाध्यक्ष कमल मित्तल ने बताया कि दो दिवसीय बैठक की शुरुआत में सर्वप्रथम अग्रसेन जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन के पश्चात संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल के नेतृत्व में यह पहली बैठक शुरू हुई। इस दौरान राजनीतिक नेतृत्व, कौशल उन्नयन,उद्योग एवं व्यापार,वैवाहिक समितियां सहित अन्य समितियों के राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किए गए। छत्तीसगढ़ से अशोक मोदी और शोभा केडिय़ा राष्ट्रीय संयोजक बनाए गए। अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक के द्वितीय दिवस का शुभारंभ महाराजा अग्रसेन जी की वंदना के साथ हुआ। कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष विपिन राम अग्रवाल, राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल, राष्ट्रीय महामंत्री राजेश भारुका,उपाध्यक्ष रमाकांत खेतान,किरण अग्रवाल,गोपाल अग्रवाल (बोदवड),जितेंद्र सिंघल सहित अनेक राष्ट्रीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में प्रथम दिवस की कार्यवाही को आगे बढ़ाते हुए संगठन के विस्तार एवं समाजहित के विभिन्न कार्यों को गति प्रदान करने के हेतु सभी आमंत्रितों पदाधिकारियों ने अपनी राय देते हुए कई सारगर्भित विचार व सुझाव प्रस्तुत किए। बैठक में उपस्थित देश भर से आए प्रतिनिधियों ने विभिन्न समितियों के गठन का करतल ध्वनि से स्वागत किया। सभी समितियों की कार्य योजना एवं भविष्य की गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा भी हुई। निर्णय लिया गया कि आगामी राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में सभी राष्ट्रीय संयोजक अपनी-अपनी समितियों की विस्तृत कार्य योजना प्रस्तुत करेंगे। खुले सत्र के साथ बैठक का सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय नेतृत्व ने समाज को संगठित, सशक्त एवं प्रगतिशील बनाने हेतु समितियों के माध्यम से योजनाबद्ध कार्य करने का आह्वान किया गया। छग से राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रांतीय अध्यक्ष डा अशोक अग्रवाल के नेतृत्व में प्रांतीय पदाधिकारी इस राष्ट्रीय बैठक में शामिल हुए। बैठक के अंत में अगली राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक हरिद्वार उत्तराखंड में आयोजित किए जाने की घोषणा की गई।



