जशपुरनगर। जिले के पत्थलगांव नगर स्थित सब्जी मार्केट में बीती रात भीषण आग लग गई। इस घटना में आधा दर्जन से अधिक झोपड़ीनुमा दुकानें जलकर राख हो गईं। दुकानों में रखी सब्जियां, बिक्री का अन्य सामान और ढांचा भी पूरी तरह नष्ट हो गया। जानकारी के मुताबिक, सब्जी मंडी क्षेत्र में अज्ञात कारणों से आग लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास की कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। रात के समय अधिकांश दुकानें बंद होने के कारण आग का पता देर से चला, जिससे नुकसान अधिक हुआ।
आग लगने की सूचना पर स्थानीय लोगों ने बुझाने का प्रयास किया और तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचित किया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं किया जाता तो यह आसपास के अन्य प्रतिष्ठानों तक भी फैल सकती थी। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, कई दुकानदारों की दुकानें और उनमें रखा लाखों का सामान जलकर नष्ट हो गया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच की जा रही है। आग शॉर्ट सर्किट से लगी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। घटना के बाद बुधवार सुबह बड़ी संख्या में लोग सब्जी मंडी पहुंचे और आग से हुए नुकसान का जायजा लिया।
सब्जी मंडी के 6 से अधिक दुकानों में लगी आग



