रायगढ़। जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत लैलूंगा पुलिस ने 65 वर्षीय बुजुर्ग को गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी थैले में गांजा भरकर बिक्री के लिए ले जा रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से 1.295 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 64,750 रुपए बताई गई है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम नवीन कुंजारा क्षेत्र में एक व्यक्ति अवैध रूप से गांजा बिक्री और परिवहन के उद्देश्य से लेकर आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कुंजारा कॉलेज के पास नाकेबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति की तलाश शुरू की। इसी दौरान मुखबिर के बताए हुलिये का एक व्यक्ति हाथ में थैला लेकर नवीन कुंजारा बस्ती की ओर जाता दिखाई दिया। संदिग्ध व्यक्ति ने पुलिस जवानों को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम रूपसिंह सिदार (65 वर्ष) निवासी नवीन कुंजारा बताया।
पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में आरोपी के थैले की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसमें से 1.295 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजा की अनुमानित बाजार कीमत 64,750 रुपए आंकी गई है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह गांजा बिक्री करने के उद्देश्य से लेकर जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
गांजा बेचने जा रहा बुजुर्ग गिरफ्तार
साढ़े 64 हजार का 1.295 किलो गांजा जब्त



