बिलासपुर। साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे भारत स्काउट्स एंड गाइड्स, बिलासपुर जिला द्वारा 15 से 17 जून 2026 तक जिला स्तरीय टेस्टिंग कैंप-2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस तीन दिवसीय शिविर में द्वितीय सोपान, तृतीय सोपान, राज्य पुरस्कार, राष्ट्रपति स्काउट/गाइड, निपुण तथा राष्ट्रपति रोवर/रेंजर पुरस्कार हेतु विभिन्न परीक्षाएं एवं मूल्यांकन गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। कैंप के प्रथम दिवस 15 जून को ऑनलाइन कंप्यूटर आधारित परीक्षा का सफल आयोजन बिलासपुर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर के सीबीटी परीक्षा केंद्र में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स एवं रेंजर्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
परीक्षा के माध्यम से प्रतिभागियों के स्काउटिंग एवं गाइडिंग संबंधी ज्ञान, सिद्धांतों तथा प्रशिक्षण की समझ का मूल्यांकन किया गया। इस जिला स्तरीय टेस्टिंग कैंप में बिलासपुर जिले के लगभग 150 प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं, जिनमें स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स, रेंजर्स, यूनिट लीडर्स, सर्विस टीम के सदस्य एवं परीक्षक सम्मिलित हैं। शिविर के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न प्रायोगिक एवं सैद्धांतिक परीक्षणों से गुजरना होगा। इन परीक्षणों के माध्यम से उनकी नेतृत्व क्षमता, समाज सेवा, आउटडोर कौशल, टीम भावना, अनुशासन तथा समग्र व्यक्तित्व विकास का आकलन किया जाएगा। यह शिविर युवा सदस्यों को अपनी प्रतिभा एवं क्षमताओं का प्रदर्शन करने तथा राज्य पुरस्कार एवं राष्ट्रपति पुरस्कार जैसे प्रतिष्ठित सम्मानों के लिए अर्हता प्राप्त करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान कर रहा है। साथ ही यह कार्यक्रम स्काउटिंग एवं गाइडिंग आंदोलन के मूल उद्देश्यों चरित्र निर्माण, नेतृत्व विकास, अनुशासन, आत्मनिर्भरता एवं समाज सेवा—को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यह आयोजन अनुराग कुमार सिंह, जिला आयुक्त (स्काउट्स) एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, बिलासपुर तथा श्रीमती नेहा सिंह, जिला आयुक्त (गाइड्स), बिलासपुर के मार्गदर्शन एवं जिला संगठन के पदाधिकारियों के सहयोग से सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है।
बिलासपुर में जिला स्तरीय टेस्टिंग कैंप 2026 का शुभारंभ
150 से अधिक स्काउट्स-गाइड्स ने दी ऑनलाइन परीक्षा



