क्राइम मीटिंग में पुलिस अधिकारियों व थाना प्रभारियों को दिए सख्त निर्देश
बाइक चोरों और फरार आरोपियों के खिलाफ और तेज करें अभियान
जुआ-सट्टा और वेश्यावृत्ति जैसी बुराइयों को ध्वस्त करने दिए आदेश
रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने शनिवार को मासिक अपराध समीक्षा बैठक की। इसमें जिले के पुलिस राजपत्रित अधिकारी, थाना, चौकी व शाखा प्रभारी सहित प्रशिक्षणरत उप निरीक्षक भी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक के प्रस्तावित जिला निरीक्षण की जानकारी देते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय-सीमा में पूरी करने व कार्यस्थलों की साफ-सफाई व अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए। एसएसपी ने पिछली क्राइम मीटिंग के बाद दर्ज नए व पुराने लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। साथ ही उन्होंने गंभीर अपराधों की प्रगति पर विस्तृत जानकारी ली और लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण व गुणवत्तापूर्ण विवेचना सुनिश्चित करने के निर्देश किए। इसके साथ ही जिले में बाइक चोरी की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक, थाना साइबर व शहरी थाना प्रभारियों को पुराने वाहन चोरों पर निगरानी, तकनीकी संसाधनों का उपयोग और अवैध कबाड़ कारोबार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। फरार आरोपियों व स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ को प्रभावी बनाने को कहा गया। महिला संबंधी अपराधों की समीक्षा में महिला थाना की कार्यप्रणाली की सराहना की गई। सभी थाना प्रभारियों को महिला अपराधों में संवेदनशीलता के साथ समय-सीमा में अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।
अवैध शराब व गांजा पर चलाए अभियान
बैठक के दौरान एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को बीट आरक्षकों से नियमित फीडबैक लेने व बाजार क्षेत्रों में सशस्त्र जवानों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत अवैध शराब व गांजा के विरुद्ध लगातार अभियान चलाने को कहा गया।
यातायात व्यवस्था बनाए सुगम
बैठक में एसएसपी ने प्रमुख रूप से यातायात उप पुलिस अधीक्षक को शहर की यातायात व्यवस्था सुगम बनाने के निर्देश दिए। साथ ही नए आपराधिक कानूनों के तहत थानों में आवश्यक रजिस्टरों का विधिवत संधारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने की प्रेरणा भी दी।



