नारायणपुर। शहर के पथ विक्रेताओं, रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों और छोटे स्वरोजगारियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के उद्देश्य से नगरपालिका परिषद जशपुर द्वारा प्रधानमंत्री पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत भव्य स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में हितग्राहियों ने भाग लेकर योजना की जानकारी प्राप्त की और आत्मनिर्भरता की दिशा में सरकार की इस महत्वाकांक्षी पहल का लाभ उठाने का संकल्प लिया। महोत्सव में अधिकारियों ने बताया कि पीएम स्वनिधि योजना शहरी क्षेत्रों में व्यवसाय करने वाले पथ विक्रेताओं के लिए वरदान साबित हो रही है। इस योजना के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को बिना किसी जटिल प्रक्रिया के आसान शर्तों पर ऋण उपलब्ध कराया जाता है, जिससे वे अपने छोटे व्यवसाय को आगे बढ़ा सकें और आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें। अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि योजना के तहत पहले चरण में 15 हजार रुपये, दूसरे चरण में 30 हजार रुपये तथा तीसरे चरण में 50 हजार रुपये तक का ऋण दिया जाता है। समय पर ऋण चुकाने वाले लाभार्थियों को अगले चरण में अधिक राशि का ऋण प्राप्त करने का अवसर मिलता है, जिससे उनके कारोबार के विस्तार की संभावनाएं बढ़ जाती हैं। कार्यक्रम में हितग्राहियों को डिजिटल भुगतान प्रणाली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि ऑनलाइन और डिजिटल ट्रांजेक्शन करने वाले लाभार्थियों को ब्याज अनुदान सहित विभिन्न प्रोत्साहन लाभ मिलते हैं। इससे न केवल उनकी वित्तीय साख मजबूत होती है बल्कि भविष्य में ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया भी आसान हो जाती है। नगरपालिका परिषद के अधिकारियों ने कहा कि केंद्र सरकार की पीएम स्वनिधि योजना छोटे व्यापारियों और पथ विक्रेताओं को आर्थिक मुख्यधारा से जोडऩे का सशक्त माध्यम बन रही है। योजना के माध्यम से हजारों परिवारों को स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिले हैं और उनकी आय में भी वृद्धि हुई है। स्वनिधि महोत्सव के दौरान हितग्राहियों को योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, ऋण वितरण एवं डिजिटल भुगतान के लाभों की विस्तार से जानकारी दी गई। नगरपालिका परिषद ने स्पष्ट किया कि अधिक से अधिक पात्र पथ विक्रेताओं तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।



