रायगढ़। छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ, जिला रायगढ़ द्वारा कर्मचारियों एवं पेंशनरों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव के नाम कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया। संघ ने राज्य सरकार से कर्मचारियों से जुड़ी घोषणाओं और लंबित मामलों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की है।
संघ द्वारा प्रस्तुत ज्ञापन में कहा गया है कि केंद्र सरकार के कर्मचारियों की तर्ज पर छत्तीसगढ़ के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पेंशनरों को भी देय तिथि से महंगाई भत्ता और महंगाई राहत का लाभ प्रदान किया जाए। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि केंद्र सरकार द्वारा 1 जनवरी से 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता स्वीकृत किया जा चुका है, जबकि प्रदेश के लाखों कर्मचारी अब भी इससे वंचित हैं। कर्मचारी संघ ने विधानसभा बजट सत्र के दौरान वित्त मंत्री द्वारा घोषित कैशलेस चिकित्सा सुविधा को तत्काल प्रभाव से लागू करने की मांग भी उठाई है। संघ का कहना है कि घोषणा के बावजूद अब तक इसके नियम और दिशा-निर्देश जारी नहीं किए गए हैं, जिससे कर्मचारियों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।
ज्ञापन में सेवानिवृत्ति के समय अवकाश नकदीकरण की सीमा बढ़ाने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया है। संघ ने मध्यप्रदेश की तर्ज पर छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों को भी 240 दिनों के स्थान पर 300 दिनों के अर्जित अवकाश के नकदीकरण की सुविधा देने की मांग की है।
इसके अलावा संविदा, दैनिक वेतनभोगी एवं अनियमित कर्मचारियों को रिक्त पदों पर नियमित करने तथा उन्हें सेवा सुरक्षा प्रदान करने की मांग रखी गई है। शिक्षक एल.बी. संवर्ग को प्रथम नियुक्ति तिथि से संपूर्ण सेवा लाभ दिए जाने और अनुकंपा नियुक्ति में लागू 10 प्रतिशत सीलिंग समाप्त कर सभी रिक्त पदों पर नियुक्ति देने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है। संघ के जिला अध्यक्ष संतोष पांडे ने कहा कि कर्मचारियों और पेंशनरों से जुड़े इन मुद्दों का समाधान लंबे समय से लंबित है। सरकार द्वारा किए गए वादों और घोषणाओं के अनुरूप शीघ्र कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि कर्मचारियों में व्याप्त असंतोष दूर हो सके।महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष माधुरी त्रिपाठी ने कहा कि अपने हक की लड़ाई के लिए सभी कर्मचारियों को निस्वार्थ अपनी मांगों को पूर्ति लिए आंदोलन में आना चाहिए छात्रावास अधीक्षक संघ के जिला अध्यक्ष चंद्र शेखर मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि हमने अभी प्रथम बार आंदोलन में शामिल हुए है और हमें पूर्ण विश्वास है प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के ऊपर में है व अपने कर्मचारियों के लिए हम सदैव आंदोलन में साथ देने की बात कही ऊर्जावान संरक्षक जिला शेख कलीमुल्लाह भाई ने सभी साथियों को साथ में लेकर रैली की शक्ल में डिप्टी कलेक्टर डी आर मरकाम साहब को मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव के नाम से ज्ञापन दिया.आज इस आयोजन में संघ के महामंत्री बिंदेश्वर राम रौतिया, छत्तीसगढ़ लघु वेतन चतुर्थ वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष वेद प्रकाश अजगल्ले एवं उनकी पूरी टीम पेंशनर एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष विष्णु यादव एवं राजेश मेहरा तृतीय वर्ग संघ के विकास तिवारी कुजूर मैडम सुखदेव सिदार ,एल बी एस जटवार छात्रावास अधीक्षक संघ के सदस्य ,आईटीआई संघ के नरेंद्र पटेल अनिल डनसेन आदि साथी शामिल रहे. कार्यक्रम का संचालन जिला संरक्षक शेख कलीमुल्लाह द्वारा किया गया तथा आभार प्रदर्शन जिला शाखा अध्यक्ष संतोष पांडे द्वारा किया गया।
संघ के कार्यकारी जिला अध्यक्ष संजीव सेठी ने उम्मीद जताई है कि राज्य सरकार अपने कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेगी और लंबित मांगो का शीघ्र निराकरण करेगी।
छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय कर्मचारी संघ ने सौंपा मांगों का ज्ञापन
महंगाई भत्ता से लेकर नियमितीकरण तक उठाए कई मुद्दे’



