रायगढ़। जिले में एक युवक शादी का कार्ड लेने खरसिया गया था। इसी दौरान वह एटीएम से पैसे निकालने गया, जहां तीन युवकों ने मिलकर उससे 35 हजार रुपए लूट लिए। आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला खरसिया चौकी क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के मुताबिक, सक्ती जिले के ग्राम सिंघरा का रहने वाला 30 साल का संजय सिंह सिदार ने सोमवार को खरसिया चौकी में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि वह शुक्रवार को शादी का कार्ड लेने और एचडीएफसी बैंक के एटीएम से पैसे निकालने खरसिया आया था।
उसने एटीएम से 35 हजार रुपए निकाले और फिर शराब दुकान गया, जहां उसकी मुलाकात खंतीपार पुरानी बस्ती के छोटू उर्फ विक्की चौहान (22) से हुई। विक्की ने उसे बाइक से छोडऩे की बात कही। इसके बाद संजय ने विक्की को अपनी बाइक पर बैठाया और बंधवा तालाब के पास पीपल पेड़ तक पहुंचा। वहां पहले से विक्की के साथी द्वारिका चौहान (24) और राहुल सिदार (19) मौजूद थे। तीनों ने मिलकर संजय को जान से मारने की धमकी दी और उसके पास से 35 हजार रुपए लूट लिए। इसके बाद वे अटल आवास की ओर फरार हो गए।
घटना के बाद डर के कारण पीडि़त घर पहुंचा और पूरी बात अपने परिवार को बताई। इसके बाद उसने सोमवार को खरसिया चौकी में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की। इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर दबिश देकर उनकी तलाश की। पुलिस टीम ने छोटू उर्फ विक्की चौहान, द्वारिका चौहान और राहुल सिदार को पकडक़र पूछताछ की। पूछताछ में तीनों ने लूट की घटना करना स्वीकार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि लूटे गए 35 हजार रुपए में से 32 हजार 500 रुपए उन्होंने शराब और अन्य खर्चों में खर्च कर दिए। पुलिस ने उनके पास से बचे हुए 2 हजार 500 रुपए नकद और घटना से जुड़े दो मोबाइल फोन बरामद कर जब्त किए हैं। मामले में सबूत मिलने के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
युवक से 35 हजार की लूट, आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी
शादी कार्ड लेने के लिए खरसिया आया था



