रायगढ़। नगर निगम ने कान्हा हॉस्पिटल पर अलग-अलग जगह मेडिकल वेस्ट फेंकने को लेकर जुर्माना लगाया है। वहीं शंकर टाल मिल और दिलबहार होटल के संचालकों पर सडक़ पर बाधा डालने के लिए भी कार्रवाई की गई है। नगर निगम ने सभी को आगे से ऐसा न करने की सख्त हिदायत दी है।
नगर निगम की टीम शहर में अलग-अलग जगहों पर जांच के लिए निकली थी। इस दौरान पता चला कि कान्हा हॉस्पिटल मेडिकल वेस्ट को तय नियमों के अनुसार न निपटाकर शहर के अलग-अलग स्थानों पर फेंक रहा था। खुले में मेडिकल वेस्ट फेंके जाने से संक्रमण फैलने और लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा होने की आशंका थी। इस पर निगम की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच की। जांच में आरोप सही पाए जाने पर हॉस्पिटल प्रबंधन पर 25 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।
नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने व्यवसायियों, अस्पताल संचालकों व संस्थानों से अपील की है कि शहर को स्वच्छ व व्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग करें। मेडिकल वेस्ट, निर्माण मलबा या अन्य कचरा सार्वजनिक स्थानों पर न फेंके। साथ ही सडक़ पर किसी प्रकार का अवरोध उत्पन्न न करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
शंकर टाल मिल और दिलबहार होटल पर भी हुई कार्रवाई
इसी अभियान के तहत सडक़ बाधित करने वालों पर भी कार्रवाई की गई। सावित्री नगर रोड पर शंकर टिंबर द्वारा सडक़ पर लकडिय़ां रख देने से लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही थी। इस पर संचालक पर 5 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। वहीं रेलवे स्टेशन रोड पर दिलबहार होटल के संचालक ने सडक़ पर गिट्टी, बालू और निर्माण सामग्री फैला रखी थी, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा था। इस पर होटल संचालक पर 2 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।



