रायगढ़। इस भीषण गर्मी के बीच यात्री ट्रेनों के लेट-लतीफी परिचालन होने से यात्रियों को भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में सोमवार को अप दिशा से आने वाली शालीमार-उदयपुर साप्ताहिक ट्रेन जहां 16 घंटो देरी से तो डाउन दिशा की गीतांजली एक्सप्रेस करीब सात घंटा देरी से रायगढ़ पहुंची, इससे ट्रेन में सफर करने वाले यात्री तो परेशान हुए ही साथ ही ट्रेन के इंतजार बैठे यात्रियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
उल्लेखनीय है कि यात्री ट्रेनों का लेट-लतीफी का दौर लंबे समय से खत्म नहीं हो रहा है। इसके चलते इन दिनों सफर करने वाले यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं ठंड के दिनों में जहां कोहरा का हवाला दिया जा रहा था, उसके बाद लाइन निर्माण की बात सामने आ रही थी, लेकिन अब रैक का मामला सामने आ रहा है। ऐसे में यात्रियों को यह नहीं समझ में आ रहा है कि ट्रेनों का लेट-लतीफी कब खत्म होगा। ऐसे में जहां ट्रेन में बैठे यात्री परेशान हो रहे हैं तो वहीं ट्रेन के इंतजार में घंटो स्टेशन में बैठने वाले यात्रियों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में सोमवार को अप व डाउन दोनों दिशा से आने वाली यात्री ट्रेने घंटों विलंब से रायगढ़ पहुंची थी, जिससे कुछ यात्री रात से सुबह तक तो कुछ यात्री सुबह से शाम तक इस भीषण गर्मी में स्टेशन में बैठकर ट्रेनों का इंतजार करते नजर आए। वहीं लेट से चलने वाली ट्रेनों में अप दिशा से आने वाली शालीमार-उदयपुर साप्ताहिक ट्रेन का समय सुबह 4.45 बजे है, लेकिन यह ट्रेन करीब 16 घंटा देरी से रात करीब 8 बजे तक पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है। वहीं हावड़ा-पुणे आजाद हिंद एक्सप्रेस का रायगढ़ पहुंचने का समय सुबह 6.45 बजे है, लेकिन यह ट्रेन करीब दो घंटा देरी से सुबह करीब 8.30 बजे रायगढ़ पहुंची थी। वहीं अहमदाबाद एक्सप्रेस भी अपने निर्धारित समय से करीब दो घंटा देरी से सुबह करीब 10.15 बजे रायगढ़ पहुंची। इसी तरह डाउन दिशा से आने वाली बाम्बे-हटिया गीतांजली एक्सप्रेस का रायगढ़ पहुंचने का समय रात तीन बजे है, लेकिन यह ट्रेन करीब सात घंटा देरी से सुबह करीब 10.15 बजे पहुंची थी। इसी तरह टाटा-इतवारी एक्सप्रेस को भी शाम चार बजे पहुंचना था, लेकिन तकनीकी दिक्कतों के कारण यह ट्रेन रात 8 बजे तक पहुंची। वहीं डाउन दिशा की इतवारी-टाटा एक्सप्रेस भी दोपहर करीब ढाई बजे रायगढ़ पहुंची थी। इससे रात से लेकर पूरे दिन यात्री परेशान रहे।
शालीमार-उदयपुर 16 घंटा तो गीतांजली एक्सप्रेस सात घंटा देरी से पहुंची रायगढ़



